डीएम नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में आयोजित हुआ तहसील दिवस….

रूद्रपुर – नये साल के प्रथम मंगलवार को तहसील रूद्रपुर का तहसील दिवस जिला सभागार में नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित, संवेदनशील और प्रभावी निस्तारण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तहसील दिवस में दर्ज शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि समस्या जिस स्तर की हो, उसका समाधान उसी स्तर पर किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों से नई ऊर्जा और समन्वय के साथ कार्य करते हुए पात्र नागरिकों को जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करने का आह्वान किया।

डीएम ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के अंतर्गत गांव-गांव जाकर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां जनता की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा रहा है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इन शिविरों में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करें और अपने विभागीय दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करें।

10 में से 7 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

तहसील दिवस में आधार कार्ड, राशन कार्ड, बिजली एवं भूमि संबंधी कुल 10 शिकायतें पंजीकृत हुईं, जिनमें से 7 शिकायतों का तत्काल समाधान कर दिया गया।

ग्राम बागवाला दानपुर निवासी रीना, बिन्द्रा एवं मनप्रीत के आधार कार्ड संशोधन व मोबाइल नंबर लिंक की समस्या का मौके पर समाधान किया गया। वहीं, वकील अहमद ने अपनी मानसिक रूप से अस्वस्थ बेटी के लिए दिव्यांग पेंशन का अनुरोध किया, जिस पर जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को तत्काल आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर पेंशन स्वीकृत कराने के निर्देश दिए।

इसी प्रकार रीना द्वारा बीपीएल राशन कार्ड जारी करने के अनुरोध पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी और जिला पूर्ति अधिकारी को ग्राम पंचायत में खुली बैठक कर सत्यापन करने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट कहा कि जनपद में राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड का विशेष अभियान चलाकर अपात्र और बाहरी व्यक्तियों के कार्ड निरस्त किए जाएं, ताकि योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों तक पहुंचे।

मधुसूदन सरकार द्वारा सिंचाई नहर पर अतिक्रमण हटाने तथा राजकुमार (ग्राम मलसा) द्वारा भूमि चिन्हांकन की मांग पर उप जिलाधिकारी और तहसीलदार को 15 दिन के भीतर जांच कर समाधान के निर्देश दिए गए।

अधिकारीगण रहे उपस्थित

तहसील दिवस में जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जय किशन, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, प्रभागीय वनाधिकारी यूसी तिवारी, उप जिलाधिकारी गौरव पाण्डेय, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. केके अग्रवाल, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरके सिन्हा, मुख्य शिक्षा अधिकारी केएस रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

तहसील दिवस के माध्यम से प्रशासन ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि जनता की समस्याओं के समाधान में कोई लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सुशासन को धरातल पर उतारना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें