सतर्कता से टली अनहोनी, महापौर की पहल बनी भरोसे की मिसाल….

रूद्रपुर – माता-पिता से बिछुड़े दस माह के मासूम को महापौर विकास शर्मा की त्वरित पहल और मानवीय संवेदनशीलता के चलते सुरक्षित रूप से उसके परिवार से मिलाया गया। कई घंटों की बेचैनी और चिंता के बाद जब मासूम सकुशल अपने माता-पिता की गोद में पहुंचा, तो परिजनों के चेहरे पर राहत और खुशी साफ झलकने लगी। परिजनों ने इस दौरान महापौर का आभार व्यक्त करते हुए उनकी तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना की।

जानकारी के अनुसार लालपुर निवासी दंपत्ति रोहित रस्तौगी और उनकी पत्नी रूपा कुमारी शुक्रवार दोपहर अपने दस माह के पुत्र मन्नू के साथ मुरादाबाद जाने के लिए रोडवेज बस स्टेशन पहुंचे थे। बस के चलने में समय होने पर पति-पत्नी शौचालय जाने के लिए बस में पहले से सवार एक कॉलेज छात्रा सिमरन से कुछ देर बच्चे की देखरेख का अनुरोध कर चले गए। इसी बीच दुर्भाग्यवश बस चल पड़ी और मासूम मन्नू छात्रा की गोद में ही रह गया, जबकि उसके माता-पिता बस स्टेशन पर छूट गए।

अचानक उत्पन्न स्थिति से घबराई छात्रा सिमरन ने समझदारी दिखाते हुए बस को नगर निगम कार्यालय के सामने रुकवाया और बच्चे के माता-पिता की तलाश शुरू की। इसी दौरान महापौर विकास शर्मा को मामले की जानकारी मिली। उन्होंने बिना देरी किए मौके पर पहुंचकर पूरी स्थिति समझी और तुरंत पुलिस अधिकारियों को सूचित किया। साथ ही मीडिया के माध्यम से अपील जारी कराई गई कि यदि कोई बच्चे या उसके माता-पिता को पहचानता हो तो तुरंत संपर्क करे।

जब तक परिजनों का पता नहीं चल पाया, तब तक महापौर ने मासूम को अपने कर्मचारी सुनील की देखरेख में पूरी तरह सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। दूसरी ओर, बच्चे के बस में छूट जाने की जानकारी मिलते ही माता-पिता और परिजन घबराहट में बस का पीछा करते हुए रामपुर तक पहुंच गए। वहां बस मिलने पर उन्हें पता चला कि छात्रा बच्चे को लेकर रूद्रपुर नगर निगम के सामने उतर चुकी है। इसके बाद परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया, जहां से उन्हें बताया गया कि बच्चा पूरी तरह सुरक्षित है।

सूचना मिलते ही परिजन महापौर कार्यालय पहुंचे, जहां पुलिस और महापौर की मौजूदगी में मासूम मन्नू को उसके माता-पिता के सुपुर्द किया गया। अपने बच्चे को सकुशल पाकर माता-पिता भावुक हो उठे और सभी ने राहत की सांस ली। इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने मीडिया के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए माता-पिता को भविष्य में ऐसी लापरवाही से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि थोड़ी-सी सतर्कता बड़े हादसे को टाल सकती है, और बच्चों की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें