ऊधमसिंह नगर- ऊधम सिंह नगर के एसएसपी कार्यालय में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आवास विकास क्षेत्र की एक महिला पेट्रोल की बोतल लेकर पहुंच गई और आत्मदाह की चेतावनी देने लगी। महिला का आरोप था कि वह लंबे समय से पुलिस प्रताड़ना और पारिवारिक विवाद से परेशान है।
सूचना मिलते ही पुलिस और खुफिया विभाग के अधिकारी सतर्क हो गए। महिला पुलिस कर्मियों की मदद से महिला के हाथ से पेट्रोल की बोतल सुरक्षित तरीके से छीनी गई और उसे तुरंत एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी के समक्ष पेश किया गया।
महिला ने अपनी पहचान राज बाला जैन, निवासी आवास विकास, रुद्रपुर के रूप में बताई। उसने अधिकारियों को बताया कि उसके देवर का परिवार करीब 28 वर्षों तक उसके साथ रहा। बाद में देवर ने जयनगर, दिनेशपुर और ट्रांजिट कैंप के आनंद विहार क्षेत्र में मकान बना लिए।
राज बाला का आरोप है कि तीन वर्ष पूर्व देवर परिवार सहित आनंद विहार, ट्रांजिट कैंप चला गया, लेकिन अब वह उसके मकान पर कब्जा करना चाहता है। इसी को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा है और मामला न्यायालय में भी विचाराधीन है।
एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी, पंतनगर सीओ डीआर वर्मा और ट्रांजिट कैंप थानाध्यक्ष मोहन चंद्र पांडे ने महिला की बातों को गंभीरता से सुना और मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने महिला को समझा-बुझाकर शांत कराया और कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
घटना के बाद एसएसपी कार्यालय परिसर में कुछ देर तक तनाव का माहौल बना रहा, लेकिन पुलिस की तत्परता से स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही।











