सीएम धामी ने की होमगार्डों के हित में ऐतिहासिक घोषणाएं मातृत्व अवकाश, बढ़ा भत्ता और पुनः शुरू हुआ वर्दी अनुदान….

देहरादून – होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को प्रदेश के होमगार्ड जवानों के लिए कई बड़ी और ऐतिहासिक घोषणाएं कीं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वार्षिक कैलेंडर का विमोचन किया और कहा कि राज्य सरकार होमगार्ड संगठन को मज़बूत और सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि होमगार्ड जवान राज्य की सुरक्षा व्यवस्था, आपदा प्रबंधन और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में लगातार महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने होमगार्डों के कल्याण के लिए कई नई सौगातों की घोषणा की। उन्होंने बताया कि अब महिला होमगार्डों को मातृत्व अवकाश का लाभ मिलेगा। साथ ही, सभी होमगार्ड जवानों को साल में 12 आकस्मिक अवकाश (Casual Leave) प्रदान किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि 9000 फीट से ऊपर तैनाती पर जवानों को ₹200 प्रोत्साहन भत्ता दिया जाएगा, ठीक वैसे ही जैसे पुलिस और SDRF कर्मियों को दिया जाता है।

इसके अतिरिक्त, SDRF प्रशिक्षण प्राप्त होमगार्डों को ₹100 अतिरिक्त भत्ता देने का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार ने भोजन भत्ता 50% तक बढ़ाने, वर्दी भत्ता पुनः शुरू करने, और ट्रेनिंग भत्ता ₹50 से बढ़ाकर ₹140 प्रति दिन करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि यह कदम होमगार्ड बल के मनोबल को बढ़ाने और उनकी आर्थिक स्थिति को मज़बूत करने के उद्देश्य से उठाए गए हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार अपने सुरक्षा बलों के हितों की रक्षा और कल्याण के लिए हर संभव कदम उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि होमगार्ड संगठन राज्य की सुरक्षा प्रणाली का अभिन्न हिस्सा है और सरकार उन्हें हर स्तर पर प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ स्व. जनरल बिपिन रावत की चतुर्थ पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कनक चौक स्थित पार्क में जनरल रावत की प्रतिमा पर पुष्पचक्र अर्पित किया और दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनरल बिपिन रावत का जीवन देशभक्ति, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणादायक मिसाल है। वे केवल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के गौरव थे। उनका साहस और नेतृत्व आने वाली पीढ़ियों को सदैव राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता रहेगा। कार्यक्रम में होमगार्ड संगठन के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सैनिक और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री की घोषणाओं का जवानों ने जोरदार तालियों से स्वागत किया।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें