ग्रामीण उत्पादों और महिला उद्यमिता को मिलेगा बड़ा मंच, हल्द्वानी में राष्ट्रीय सरस मेले का आगाज

हल्द्वानी – हल्द्वानी के एमबी इंटर कॉलेज मैदान में 24 नवंबर से 3 दिसंबर तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय सरस मेला 2026-27 की तैयारियां तेज हो गई हैं। मेले को भव्य और व्यवस्थित रूप देने के लिए सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय ने मेला स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय स्तर के इस मेले में देशभर के स्वयं सहायता समूहों, कारीगरों और उद्यमियों के लगभग 250 स्टॉल एक ही मंच पर सजेंगे।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने मेला परिसर में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए जिला कमांडेंट होमगार्ड को सुरक्षा के लिए 20 होमगार्ड जवानों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने स्टॉलों की स्थापना, पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति, पार्किंग, साफ-सफाई तथा आगंतुकों के बैठने सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी कर ली जाएं। देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले स्वयं सहायता समूहों, हस्तशिल्प कारीगरों और उद्यमियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही मेले में पहुंचने वाले लोगों के लिए सुगम आवागमन, पर्याप्त पार्किंग और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।

मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय ने कहा कि राष्ट्रीय सरस मेला ग्रामीण महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण मंच है। इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में तैयार होने वाले हस्तशिल्प, पारंपरिक उत्पादों और स्थानीय उद्यमों को बाजार उपलब्ध कराने के साथ महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि मेले को आकर्षक, सुव्यवस्थित और भव्य स्वरूप दिया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें पहुंचकर विभिन्न राज्यों के उत्पादों और संस्कृति से रूबरू हो सकें।

निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, सहायक परियोजना अधिकारी चंद्रा फर्त्याल, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, अधिशासी अभियंता जल संस्थान रविशंकर लोसाली, जिला कृषि अधिकारी संतोषी, जिला खाद्य अधिकारी मनोज कुमार बर्मन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें