राज्यपाल के आगमन को लेकर नैनीताल पुलिस मुस्तैद, रूट डायवर्जन और सुरक्षा का खाका तैयार

हल्द्वानी – उत्तराखंड के राज्यपाल के प्रस्तावित हल्द्वानी भ्रमण को लेकर नैनीताल पुलिस अलर्ट मोड पर है। वीआईपी सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर बुधवार को मिनी पुलिस लाइन हल्द्वानी के बहुउद्देशीय मीटिंग हॉल में ड्यूटी पर तैनात होने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग की गई।

एसपी अपराध एवं यातायात डॉ. जगदीश चंद्र ने एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह, एसपी संचार नैनीताल रेवाधर मठपाल और सीओ रामनगर रविकांत सेमवाल के साथ संयुक्त रूप से पुलिस बल को सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने राज्यपाल के प्रोटोकॉल और निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।

हेलीपैड और वीआईपी रूट पर होगी सघन जांच

ब्रीफिंग में निर्देश दिए गए कि वीआईपी रूट, हेलीपैड और कार्यक्रम स्थल के आसपास सघन चेकिंग की जाए। एंटी-सबोटाज जांच के तहत बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) और डॉग स्क्वायड से भी जांच सुनिश्चित कराई जाए। सभी ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्धारित समय से पहले पहुंचकर पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए गए।

बिना पास कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश नहीं

पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि कार्यक्रम स्थल और इनर कॉर्डन में बिना वैध पास अथवा पूर्व अनुमति के किसी भी व्यक्ति या वाहन को प्रवेश न दिया जाए। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी गई।

रूट डायवर्जन और आपातकालीन सेवाओं पर विशेष ध्यान

राज्यपाल के आवागमन के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए निर्धारित रूट डायवर्जन प्लान का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं के लिए ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

अधिकारियों को वायरलेस सेट के माध्यम से लगातार आपसी संपर्क बनाए रखने और अभिसूचना तंत्र को सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए गए। पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान आमजन के साथ शालीन और संयमित व्यवहार करने को कहा गया।

ब्रीफिंग में सीओ अंजना नेगी, रविकांत सेमवाल, विमल प्रसाद, लव शर्मा, समीरन भट्ट, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, निरीक्षक अभिसूचना नैनीताल, आरआई रेडियो राजकुमार सिंह बिष्ट, यातायात निरीक्षक भूपेश पाण्डेय, प्रभारी निरीक्षक लालकुआं बृजमोहन सिंह राणा, कालाढूंगी अरुण कुमार सैनी, मुखानी सुशील जोशी, रामनगर सुशील कुमार, थानाध्यक्ष चोरगलिया तारा सिंह राणा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक हल्द्वानी रोहताश सागर और प्रभारी सीपीयू जगदीश राम कोहली सहित वीआईपी ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें