हल्द्वानी – वीकेंड के दौरान हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस ने 14 और 15 नवंबर के लिए यातायात एवं डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था दोनों दिन सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगी। बरेली, रुद्रपुर, रामनगर और बाजपुर की ओर से पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। इसके साथ ही भारी वाहनों की आवाजाही पर भी समयानुसार प्रतिबंध लगाया गया है।
बरेली रोड से पर्वतीय क्षेत्र जाने वाले वाहन
बरेली रोड की ओर से आने वाले और पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले सभी प्रकार के वाहन तीनपानी फ्लाईओवर से गोलापार रोड होते हुए नारीमन तिराहा काठगोदाम पहुंचेंगे। यहां से अपने निर्धारित गंतव्य की ओर रवाना होंगे।
रुद्रपुर से आने वाले वाहनों के लिए नया हाईवे निर्धारित
रुद्रपुर की ओर से पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले वाहन पंतनगर तिराहा (दिनेशपुर मोड़) से एनएच-109 यानी नए हाईवे के रास्ते लालकुआं पहुंचेंगे। इसके बाद तीनपानी फ्लाईओवर, गोलापार रोड और नारीमन तिराहा होते हुए अपने गंतव्य को जाएंगे।
यदि कोई वाहन हल्द्वानी शहर की ओर प्रवेश कर जाता है तो उसे गन्ना सेंटर से डायवर्ट कर तीनपानी फ्लाईओवर और गौला रोड होते हुए नारीमन तिराहे की ओर भेजा जाएगा।
रामनगर और बाजपुर से आने वालों के लिए कालाढूंगी रूट
रामनगर और बाजपुर की ओर से पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले सभी प्रकार के वाहन कालाढूंगी स्थित नैनीताल तिराहे से डायवर्ट किए जाएंगे। ये वाहन मंगोली मार्ग से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध
पुलिस की ओर से जारी प्लान के अनुसार, 14 और 15 नवंबर को सुबह 3 बजे से रात 11 बजे तक यात्रा मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
सब्जी, फल, ईंधन, गैस और दूध जैसी अति आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले भारी वाहनों को भी दोपहर 2 बजे से रात 11 बजे तक यात्रा मार्ग पर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
पर्वतीय क्षेत्रों से हल्द्वानी की ओर आने वाले सभी भारी वाहनों को सुबह 3 बजे से रात 11 बजे तक जनपद सीमा पर ही रोका जाएगा। यदि कोई भारी वाहन शहर की ओर पहुंच जाता है तो उसे नंबर-1 बैंड से पीछे सड़क के बाईं ओर अथवा पुलिस चौकी सलड़ी क्षेत्र में अमृतपुर मोड़ से अंदर पार्क कराया जाएगा।
काठगोदाम में दबाव बढ़ने पर पर्यटक वाहनों का वैकल्पिक रूट
काठगोदाम क्षेत्र में यातायात का दबाव अत्यधिक बढ़ने पर दोपहर 3 बजे के बाद नैनीताल और भवाली से मैदानी क्षेत्रों की ओर आने वाले पर्यटक वाहनों को मस्जिद तिराहे से डायवर्ट किया जाएगा। ऐसे वाहन नंबर-1 बैंड और रूसी बाईपास द्वितीय से होते हुए रूसी बाईपास प्रथम पहुंचेंगे। इसके बाद कालाढूंगी मार्ग से अपने गंतव्य की ओर रवाना होंगे।
रोडवेज और केमू बसों को निर्धारित रूट से मिलेगी अनुमति
पर्वतीय क्षेत्रों से हल्द्वानी आने वाली रोडवेज और केमू की बसें अपने निर्धारित मार्ग से ही आवागमन करेंगी।
पुलिस की अपील
वीकेंड पर यात्रा करने वाले पर्यटकों और वाहन चालकों से अपील है कि जारी यातायात प्लान का पालन करें, निर्धारित डायवर्जन मार्गों का ही इस्तेमाल करें और यात्रा पर निकलने से पहले यातायात व्यवस्था की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि जाम और अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।










