धारी – उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर धारी ब्लॉक में राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्य निर्माण आंदोलन के दौरान सड़क से लेकर संसद तक पृथक राज्य की मांग को लेकर संघर्ष करने वाले प्रमुख आंदोलनकारी एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा सहित अन्य राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मंत्री राम सिंह कैड़ा ने राज्य निर्माण आंदोलन में योगदान देने वाले सभी आंदोलनकारियों को नमन किया। उन्होंने पृथक उत्तराखंड राज्य के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उत्तराखंड का निर्माण वर्षों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। आंदोलनकारियों के योगदान और उनके संघर्ष को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
अटल जी के प्रयासों से बना उत्तराखंड
मंत्री कैड़ा ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के प्रयासों से उत्तराखंड राज्य का गठन हुआ। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास पर जोर
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, पर्यटन और ग्रामीण विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों में योजनाओं के माध्यम से विकास कार्य किए जा रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों ने जिस समृद्ध और सशक्त उत्तराखंड का सपना देखा था, उसे साकार करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
समारोह में उपस्थित लोगों ने भी राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करते हुए उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।











