नैनीताल – डीएसए मैदान में सोमवार को आयोजित फूड फेस्टिवल का सांसद अजय भट्ट ने फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने फेस्टिवल में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लेकर उनकी सराहना की।
फूड फेस्टिवल के दौरान सांसद अजय भट्ट का एक सहज और आत्मीय अंदाज भी देखने को मिला। स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लेने के साथ उन्हें घर से लाए अपने टिफिन का भी ध्यान रहा। उन्होंने अपने पीआरओ वीरेंद्र कुमार से टिफिन मंगवाते हुए कहा, “वीरेंद्र, घर से लाए टिफिन का खाना बर्बाद न हो जाए, टिफिन ले आओ।” उनकी इस बात ने वहां मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया। सांसद के इस सादगी भरे व्यवहार की लोगों के बीच चर्चा होती रही।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में विधायक सरिता आर्या, दर्जा राज्यमंत्री भावना मेहरा, शांति मेहरा, सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, जिला विकास प्राधिकरण के सचिव मनीष कुमार, एसडीएम नवाजिश खलिक, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत और एपीडी चंदा फर्त्याल मौजूद रहे।
इसके अलावा राज्य आंदोलनकारी मनोज जोशी, पुष्कर मेहरा, पूरन सिंह मेहरा, मोहन पाल, समीर आर्य, दया किशन पोखरिया, प्रकाश आर्य, नितिन कार्की सहित कई गणमान्य लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।










