रुद्रपुर में प्रशिक्षु जवान की मौत का रहस्य गहराया, चोट के निशानों की जांच में जुटी पुलिस

रुद्रपुर – दीपावली के दिन 46वीं वाहिनी पीएसी में तैनात एक प्रशिक्षु जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। रविवार सुबह पीएसी परिसर में 25 वर्षीय विष्णु कुमार का शव मिलने से अधिकारियों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने जवान के शरीर पर धारदार हथियार से चोट के निशान होने की बात कही है। इससे घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

सूचना मिलने पर पंतनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।

छह महीने से ले रहा था प्रशिक्षण

मृतक के पिता हरीश राम हरिद्वार में रहते हैं। उन्होंने बताया कि विष्णु पिछले छह महीने से 46वीं वाहिनी पीएसी में रहकर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहा था। ट्रेनिंग के चलते वह दीपावली पर घर नहीं आ सका था। शनिवार देर शाम उनकी बेटे से फोन पर बातचीत हुई थी। उस समय विष्णु सामान्य रूप से बात कर रहा था और उसने किसी तरह की परेशानी का जिक्र नहीं किया था।

परिजनों ने जताई अनहोनी की आशंका

पिता ने बेटे की मौत को संदिग्ध बताते हुए शरीर पर धारदार हथियार से चोट के निशान होने की बात कही है। उनका कहना है कि रुद्रपुर पहुंचकर शव देखने के बाद ही उन्हें पूरी स्थिति का पता चल सकेगा। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच की अपेक्षा जताई है।

साथी जवानों से पूछताछ, हर पहलू की जांच

पुलिस इस मामले में पीएसी परिसर में जवान के साथियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर ही जवान की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें