एक निरीक्षण में कई खामियां उजागर, मंडलायुक्त ने अधिकारियों को लगाई फटकार

रामनगर – कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत ने सोमवार को नगर पालिका परिषद रामनगर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सफाई व्यवस्था, कूड़ा निस्तारण, अभिलेखों के रखरखाव और पशु बाजार की व्यवस्थाओं में कई खामियां सामने आईं। व्यवस्थाओं में लापरवाही पर मंडलायुक्त ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार और अनियमितताओं की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के सामने फुटपाथ पर बिना सत्यापन और अनुमति के संचालित दुकान तथा अतिक्रमण मिलने पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने सार्वजनिक स्थानों और फुटपाथ को अतिक्रमणमुक्त रखने के निर्देश दिए।

बंद मिली रोड क्लीनिंग मशीन

नगर पालिका की रोड क्लीनिंग मशीन बंद मिलने पर भी मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने सफाई कार्य में इस्तेमाल होने वाली मशीनों और अन्य संसाधनों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने तथा उनकी प्रभावी मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।

कूड़ा निस्तारण व्यवस्था की समीक्षा के दौरान उन्होंने कचरे की माप-तौल में पारदर्शिता के लिए कांटे पर सीसीटीवी कैमरे लगाने को कहा। साथ ही कूड़ा निस्तारण की पूरी प्रक्रिया की निगरानी और रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण में अगस्त माह में प्लास्टिक और अन्य मूल्यवान कचरे से संबंधित रसीदें ठेकेदार और पालिका कर्मी प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर मंडलायुक्त ने संबंधित अभिलेखों की जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ठेकेदार द्वारा दी गई जानकारी का सत्यापन किया जाए और यह भी सुनिश्चित किया जाए कि कूड़ा और अन्य सामग्री ट्रीटमेंट के लिए कहां भेजी जा रही है।

सफाई कर्मियों की व्यवस्था पर भी जताई नाराजगी

सफाई कर्मियों के रहने के लिए समुचित व्यवस्था नहीं मिलने पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर लेबर इंस्पेक्टर को बुलाकर सफाई ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार चालान की कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने सफाई कर्मियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा।

मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि जब तक सफाई कर्मियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित नहीं होती, तब तक अधिशासी अधिकारी का वेतन रोका जाए। उन्होंने उप जिलाधिकारी को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

स्टोर कीपर नहीं दिखा सका सामान वितरण का रिकॉर्ड

स्टोर के निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने विभिन्न सामान के वितरण से संबंधित अभिलेख मांगे, लेकिन स्टोर कीपर रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए स्टॉक और वितरण से संबंधित सभी अभिलेखों की जांच कराने तथा रिकॉर्ड को अद्यतन रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सरकारी सामग्री के स्टॉक, वितरण और उपयोग का पूरा विवरण अभिलेखों में दर्ज होना चाहिए। लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारी तय करने के निर्देश भी दिए।

पशु बाजार में मिलीं कई अनियमितताएं

मंडलायुक्त ने पशु बाजार का भी निरीक्षण किया। इस दौरान पिकअप संख्या UK-19-CA-1719 में निर्धारित मानकों के विपरीत एक के स्थान पर तीन पशुओं का परिवहन किए जाने का मामला सामने आया। पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण नहीं कराया गया था और आवश्यक अनुमति के बिना परिवहन किए जाने की बात भी सामने आई।

मंडलायुक्त ने संबंधित प्रावधानों और Animal Cruelty Act के तहत नियमानुसार मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश प्रभारी अधिशासी अधिकारी को दिए। उन्होंने पशुओं के परिवहन में निर्धारित मानकों और नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।

पशु बाजार के ठेकेदार गिरीश चंद्र पंत खरीद-फरोख्त का रजिस्टर भी प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके अलावा ठेकेदार अपने स्टाफ के नाम और संपर्क नंबर भी उपलब्ध नहीं करा सके। प्रथम दृष्टया कई अनियमितताएं सामने आने पर मंडलायुक्त ने नगर पालिका अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

व्यवस्थाएं सुधरने तक पशु बाजार बंद रखने के निर्देश

मंडलायुक्त ने पशु बाजार की व्यवस्थाओं में सुधार होने तक 19 सितंबर से बाजार बंद रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाजार में पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण, परिवहन, खरीद-फरोख्त के अभिलेख और अन्य निर्धारित व्यवस्थाओं का कड़ाई से पालन कराया जाए।

डीएम कराएंगे अनियमितताओं की जांच

नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए दीपक रावत ने कहा कि पालिका की सभी व्यवस्थाओं की नियमित और प्रभावी मॉनिटरिंग होनी चाहिए। उन्होंने विभिन्न अनियमितताओं की विस्तृत जांच जिलाधिकारी से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच में जो तथ्य सामने आएं, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान, कर एवं राजस्व अधीक्षक समेत नगर पालिका के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें