छात्रसंघ चुनाव में खलल डालने वालों पर होगी कार्रवाई, एसएसपी ने दिए सख्त निर्देश

हल्द्वानी – एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सकुशल संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। 29 सितंबर को होने वाले छात्रसंघ चुनाव के मद्देनजर एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी स्वयं मौके पर मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए राजपत्रित अधिकारियों तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसएसपी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि छात्रसंघ चुनाव की आड़ में किसी भी आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति को कॉलेज परिसर अथवा आसपास छात्रों को डराने-धमकाने, दबाव बनाने, विवाद खड़ा करने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी और किसी भी संदिग्ध गतिविधि के सामने आने पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

प्रवेश द्वार और संवेदनशील स्थानों पर सख्त चेकिंग

एसएसपी ने सभी ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। कॉलेज के प्रवेश द्वार, बैरियर, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर प्रभावी चेकिंग एवं फ्रिस्किंग सुनिश्चित करने को कहा गया है।

इसके साथ ही मोबाइल पुलिस टीमों को लगातार क्षेत्र में गश्त करने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया पर भी पुलिस की निगरानी रहेगी, ताकि अफवाह, भ्रामक सूचना या किसी विवाद को बढ़ावा देने वाली गतिविधि का समय रहते संज्ञान लिया जा सके।

जीरो जोन में वाहनों का प्रवेश रहेगा प्रतिबंधित

कॉलेज के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने देने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर निर्धारित जीरो जोन में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस को यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और अनावश्यक रूप से वाहनों को खड़ा न होने देने के निर्देश दिए गए हैं।

अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि किसी भी प्रकार की अफवाह, विवाद, हुड़दंग या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की स्थिति सामने आने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए।

हिंसा और बाहरी हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव एक लोकतांत्रिक प्रक्रिया है। इसकी आड़ में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़, छात्रों को धमकाने, बाहरी या अराजक तत्वों के हस्तक्षेप तथा किसी भी प्रकार की हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से पूरी निष्पक्षता के साथ कानून के अनुसार कार्रवाई करने तथा चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के निर्देश दिए।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें