उम्र के छठे दशक में फिर बनीं छात्रा, बेटे के छात्रसंघ चुनाव में उतरीं मां

नैनीताल – डीएसबी परिसर नैनीताल का छात्रसंघ चुनाव इस बार छात्र नेताओं के साथ एक मां की सक्रिय चुनावी भूमिका को लेकर भी चर्चा में है। हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम क्षेत्र की पार्षद बीना चौहान अपने बेटे भानु प्रताप सिंह चौहान के अध्यक्ष पद के चुनाव प्रचार में उतरने के लिए खुद डीएसबी परिसर में एमए राजनीति विज्ञान में दाखिला ले चुकी हैं। उम्र के छठे दशक में पढ़ाई के साथ बेटे के लिए छात्र-छात्राओं से संवाद और प्रचार करती बीना चौहान इन दिनों परिसर में चर्चा का विषय बनी हुई हैं।

भानु प्रताप सिंह चौहान के छात्रसंघ अध्यक्ष पद के चुनाव मैदान में उतरने के बाद उनकी मां बीना चौहान ने भी बेटे के चुनाव प्रचार की कमान संभाल ली। उन्होंने डीएसबी परिसर में राजनीति विज्ञान विषय से एमए में प्रवेश लिया है। उनका कहना है कि पढ़ाई के प्रति उनका लगाव आज भी कायम है और चुनाव के बाद वह अपनी एमए की पढ़ाई पूरी करेंगी।

बीना चौहान की शिक्षा का सफर भी खासा रोचक रहा है। वर्ष 2001 में विवाह के बाद उन्होंने 13 वर्ष के अंतराल के बाद वर्ष 2014 में एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी से एजुकेशन विषय में एमए किया। इसके बाद वर्ष 2025 में उन्होंने एलएलबी की पढ़ाई भी पूरी की। अब करीब 12 वर्ष बाद उन्होंने दोबारा एमए में प्रवेश लिया है।

बीना चौहान ने बताया कि 29 सितंबर को होने वाले छात्रसंघ चुनाव में उनके बेटे भानु प्रताप सिंह चौहान अध्यक्ष पद के लिए निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि भानु अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से टिकट के दावेदार थे, लेकिन नैनीताल का मूल निवासी नहीं होने के कारण उन्हें टिकट नहीं मिल सका। इसके बाद उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ने का निर्णय लिया।

भानु के चुनाव प्रचार में काले झंडे को उनकी प्रमुख पहचान बनाया गया है। वहीं, मां बीना चौहान भी परिसर में छात्र-छात्राओं से संपर्क कर बेटे के पक्ष में प्रचार करती नजर आ रही हैं। पार्षद होने के कारण क्षेत्रीय राजनीति में सक्रिय बीना की कैंपस में मौजूदगी ने चुनावी माहौल को और चर्चा में ला दिया है।

बीना चौहान का बड़ा बेटा राज चौहान हल्द्वानी में यू-ट्यूबर है, जबकि उनके पति वाहन और ठेकेदारी के व्यवसाय से जुड़े हैं। छात्रसंघ चुनाव का परिणाम चाहे जो हो, बेटे के चुनाव में मां का इस तरह खुद कॉलेज में दाखिला लेकर प्रचार अभियान में उतरना डीएसबी परिसर के इस चुनाव को जरूर अलग और चर्चित बना रहा है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें