बागेश्वर में भूकंप के झटकों से सहमे लोग, 12:35 बजे डोली धरती; प्रशासन ने लिया पूरे जिले का फीडबैक

बागेश्वर – बागेश्वर और आसपास के क्षेत्रों में शनिवार दोपहर भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.6 मापी गई। अचानक धरती हिलने से कुछ स्थानों पर लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। हालांकि भूकंप की तीव्रता कम होने के कारण जिले में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि भूकंप दोपहर 12 बजकर 35 मिनट 11 सेकंड पर दर्ज किया गया। भूकंप का केंद्र बागेश्वर क्षेत्र में 29.984 अक्षांश उत्तर और 79.692 देशांतर पूर्व पर जमीन के भीतर करीब पांच किलोमीटर की गहराई में था। भूकंप का केंद्र कम गहराई पर होने के कारण आसपास के क्षेत्रों में झटके अपेक्षाकृत स्पष्ट रूप से महसूस किए गए।

भूकंप के झटके महसूस होते ही जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन तंत्र को अलर्ट कर दिया गया। जिला आपदा कंट्रोल रूम से जिले की सभी तहसीलों, पुलिस चौकियों और राजस्व उपनिरीक्षकों से स्थिति की जानकारी ली गई। प्रारंभिक रिपोर्ट में जिले के किसी भी क्षेत्र से जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।

प्रशासन ने लोगों से घबराने के बजाय शांत रहने की अपील की है। साथ ही किसी भी प्रकार की आपात स्थिति सामने आने पर तत्काल जिला आपदा कंट्रोल रूम को सूचना देने को कहा गया है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें