स्कूली बच्चों की सड़क पर मारपीट, पुलिस ने बच्चों से लेकर अभिभावकों तक की कराई काउंसलिंग

कालाढूंगी (नैनीताल) – कालाढूंगी क्षेत्र में सड़क के बीच स्कूली बच्चों के आपस में लड़ाई-झगड़ा करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नैनीताल पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की। वीडियो में दिखाई दे रहे बच्चों की पहचान कर उन्हें उनके परिजनों तथा स्कूल प्रबंधन के साथ थाना कालाढूंगी बुलाया गया, जहां सभी की काउंसलिंग की गई।

जानकारी के अनुसार, 24 सितंबर को सोशल मीडिया एवं मीडिया के माध्यम से कालाढूंगी क्षेत्र में स्कूली बच्चों के सड़क पर आपस में मारपीट करने का वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी निरीक्षक कालाढूंगी अरुण सैनी को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

निर्देशों के क्रम में पुलिस ने वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे बच्चों की पहचान कराई। इसके बाद संबंधित बच्चों, उनके परिजनों, स्कूल के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों को थाना कालाढूंगी बुलाकर घटना के संबंध में आवश्यक काउंसलिंग की गई।

पुलिस ने बच्चों को समझाया कि सार्वजनिक स्थानों पर इस प्रकार का व्यवहार न करें और आपसी विवाद को हिंसा का रूप न दें। साथ ही कानून-व्यवस्था एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार रहने की हिदायत दी गई। पुलिस ने परिजनों एवं स्कूल प्रबंधन को भी बच्चों की गतिविधियों पर आवश्यक निगरानी रखने के निर्देश दिए।

परिजनों पर भी चालानी कार्रवाई

प्रकरण में पुलिस द्वारा बच्चों के परिजनों के विरुद्ध धारा 81 पुलिस एक्ट के अंतर्गत चालानी कार्रवाई भी की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर मारपीट, हुड़दंग अथवा यातायात व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बढ़ावा नहीं दिया जाना चाहिए।

नैनीताल पुलिस की अपील

नैनीताल पुलिस ने अभिभावकों एवं स्कूल प्रबंधन से अपील की है कि बच्चों में अनुशासन, आपसी सौहार्द और कानून के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने में सहयोग करें। पुलिस ने कहा कि बच्चों को किसी भी विवाद का समाधान हिंसा के बजाय संवाद एवं समझदारी से करने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें