मंदिर चोरी के आरोपी पर पुलिस का शिकंजा, चोरी का माल और नगदी बरामद

हल्द्वानी – मंगल पड़ाव स्थित शिव मंदिर का ताला तोड़कर दानपात्र और अलमारी से रुपये व सामान चोरी करने के मामले का कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सुरागरसी-पतारसी के आधार पर एक 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से चोरी का सामान और 2,808 रुपये की नगदी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर 2026 को शिव मंदिर मंगल पड़ाव निवासी गिरीश गिरी गोस्वामी ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात व्यक्ति ने मंदिर के दानपात्र और अलमारी का ताला तोड़कर रुपये तथा अन्य सामान चोरी कर लिया है। तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 303/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक दीपक सिंह कार्की को सौंपी गई।

सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी तक पहुंची पुलिस

घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी के माल की बरामदगी के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल और अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला। सुरागरसी-पतारसी के आधार पर पुलिस ने 7 सितंबर को डीके पार्क, हल्द्वानी के पास से हनी सिंह (20) को गिरफ्तार कर लिया।

मंदिर का सामान और नगदी बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तांबे के लोटे, एक बड़ी घंटी, 12 छोटी घंटियां, एक पीतल का भगोना, एक पीतल का डोंगा तथा 2,808 रुपये नगद बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान हनी सिंह पुत्र श्याम सिंह, निवासी जवाहर नगर, फरहान मस्जिद के पास, बनभूलपुरा, जिला नैनीताल, उम्र 20 वर्ष के रूप में हुई है।

पुलिस टीम को मिली सफलता

मामले के खुलासे में उपनिरीक्षक दीपक सिंह कार्की, चौकी प्रभारी मंगल पड़ाव, हेड कांस्टेबल सुंदर कोहली, कांस्टेबल संतोष बिष्ट और कांस्टेबल भूपाल सिंह शामिल रहे। पुलिस टीम की कार्रवाई के बाद मंदिर चोरी की घटना में चोरी गए सामान की बरामदगी भी की गई है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें