मकान, सड़कें, बिजली-पानी सब प्रभावित, मंत्री कैड़ा ने सीएम के सामने रखा भीमताल का दर्द

देहरादून – भीमताल विधानसभा क्षेत्र में भारी बारिश से हुए व्यापक नुकसान को लेकर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री को क्षेत्र में आपदा से उत्पन्न स्थिति की जानकारी देते हुए प्रभावित क्षेत्रों के लिए आपदा मद से आवश्यक धनराशि स्वीकृत करने की मांग की।

मंत्री कैड़ा ने मुख्यमंत्री को बताया कि पिछले दिनों हुई भारी बारिश के कारण भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों में कई स्थानों पर भारी नुकसान हुआ है। कई ग्रामीणों के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि मकानों के आगे-पीछे भूस्खलन होने से कई भवनों पर खतरा बना हुआ है।

उन्होंने बताया कि बारिश और भूस्खलन के कारण कई स्थानों पर पेयजल लाइनें और विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। नदियों के कटाव के चलते किसानों की भूमि को भी नुकसान पहुंचा है। वहीं, विभिन्न क्षेत्रों में सड़क मार्ग क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित हुई है।

मंत्री कैड़ा ने मुख्यमंत्री को भीमताल क्षेत्र की स्थिति से अवगत कराते हुए बताया कि भीमताल के खुटानी नाले में तेज बहाव के कारण पानी और मलबा दुकानों में घुस गया, जिससे व्यापारियों और ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने यह भी बताया कि आपदा के दौरान भीमताल क्षेत्र में दो लोगों की मृत्यु हुई है।

मंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मांग की कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र में आपदा से हुए नुकसान का व्यापक स्तर पर आकलन कराया जाए और प्रभावित परिवारों को नियमानुसार मुआवजा एवं राहत उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों, पेयजल लाइनों और विद्युत व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र दुरुस्त कराने के लिए आपदा मद से पर्याप्त धनराशि स्वीकृत की जाए।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि आपदा प्रभावित लोगों को तत्काल राहत पहुंचाना और क्षतिग्रस्त मूलभूत सुविधाओं को बहाल करना प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि प्रभावित ग्रामीणों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें