तकनीक के दम पर उड़ान भरेगा उत्तराखंड, फ्लाइंग कार प्रोजेक्ट को सरकार का भरोसा

देहरादून – उत्तराखंड के युवा स्टार्टअप उद्यमी रवि टम्टा फ्लाइंग कार तैयार करने के अपने महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं। बुधवार को उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर अपने तकनीकी नवाचार, अब तक हुई प्रगति और आगे की कार्ययोजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने उनके प्रयास की सराहना करते हुए सरकार की ओर से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा, तकनीकी क्षमता और नवाचार की अपार संभावनाएं हैं। सरकार का प्रयास है कि युवाओं को उनके नए विचारों और तकनीकी प्रयोगों को धरातल पर उतारने के लिए आवश्यक अवसर और सहयोग उपलब्ध कराया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं के सपनों को पंख देना सरकार की प्राथमिकता है। युवा नए विचारों और आधुनिक तकनीक के साथ आगे बढ़ रहे हैं। सरकार ऐसे नवाचारों को प्रोत्साहित करने के साथ ही उन्हें धरातल पर उतारने में हरसंभव सहयोग करेगी।

मुख्यमंत्री ने मौके पर ही सचिव उद्योग विनय शंकर पांडेय को निर्देश दिए कि रवि टम्टा के स्टार्टअप को नियमानुसार आवश्यक शासकीय सहयोग और सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान दौर तकनीक और नवाचार का है। उत्तराखंड के युवा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ड्रोन, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, एयरोस्पेस समेत आधुनिक तकनीक के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे नवाचार रोजगार के नए अवसर पैदा करने के साथ ही राज्य की अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

रवि टम्टा की ओर से मुख्यमंत्री को फ्लाइंग कार परियोजना से जुड़े तकनीकी पहलुओं, अब तक के कार्य और आगामी योजनाओं की जानकारी दी गई। सरकार की ओर से सहयोग का भरोसा मिलने के बाद इस प्रोजेक्ट को लेकर उम्मीदें और बढ़ी हैं।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें