रक्षाबंधन पर पुलिस और समाज के बीच दिखा आत्मीय रिश्ता, जवानों की कलाई पर बंधी राखी

हल्द्वानी – रक्षाबंधन के पावन पर्व पर नैनीताल पुलिस कार्यालय में स्नेह, सम्मान और सेवा भावना का अनूठा संगम देखने को मिला। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने जनपदवासियों को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए जनसुरक्षा और जनसेवा के संकल्प को और मजबूत करने का संदेश दिया।

रक्षाबंधन के अवसर पर एसएसपी की पीआरओ हेमा ऐठानी ने डॉ. मंजूनाथ टीसी की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उन्हें पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान एसएसपी ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और आत्मीयता का पर्व नहीं, बल्कि रक्षा, जिम्मेदारी और विश्वास के संकल्प का भी प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि नैनीताल पुलिस इसी भावना के अनुरूप जनपदवासियों की सुरक्षा, सम्मान और विश्वास की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।

ब्रह्माकुमारी बहनों ने पुलिसकर्मियों को बांधी राखी

रक्षाबंधन के अवसर पर ब्रह्माकुमारी बहनों ने भी पुलिस कार्यालय पहुंचकर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात डॉ. जगदीश चंद्र, अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित सैनी सहित अन्य पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की कलाई पर राखी बांधी।

रक्षा सूत्र बांधते हुए ब्रह्माकुमारी बहनों ने पुलिसकर्मियों के प्रति स्नेह, सम्मान और शुभकामनाएं व्यक्त कीं। पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने भी इस आत्मीय पहल के लिए उनका आभार जताया।

‘जनसुरक्षा और जनसेवा सर्वोच्च प्राथमिकता’

एसएसपी ने कहा कि जनसेवा एवं जनसुरक्षा नैनीताल पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रत्येक नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस करे और पुलिस के प्रति उसका विश्वास लगातार मजबूत हो, इसके लिए पुलिस पूरी संवेदनशीलता, तत्परता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रही है।

उन्होंने जनपदवासियों से रक्षाबंधन का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे, सौहार्द और सामाजिक समरसता के साथ मनाने की अपील की। साथ ही सभी के सुख, समृद्धि और सुरक्षित जीवन की कामना की।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें