ग्रामीणों के अधिकारों की होगी पैरवी, न्याय रथ के साथ सौंड में मेगा ड्राइव का शुभारंभ

नैनीताल – राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की जनकल्याणकारी एवं विधिक सेवा योजनाओं को ग्रामीण स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल की ओर से ग्राम सौंड में मेगा ड्राइव चरण-1 का शुभारंभ किया गया। जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्रशांत जोशी ने जिला न्यायालय परिसर से न्याय रथ को हरी झंडी दिखाकर ग्राम सौंड के लिए रवाना किया।

अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को उनके विधिक अधिकारों, निःशुल्क कानूनी सहायता और नालसा की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना है। साथ ही पात्र लोगों को सरकारी एवं विधिक सेवाओं का वास्तविक लाभ दिलाने के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

घर-घर पहुंचेंगे पैरालीगल वालंटियर

मेगा ड्राइव के तहत पैरालीगल वालंटियर गांव में घर-घर संपर्क कर पात्र लाभार्थियों की पहचान करेंगे। इस दौरान ग्रामीणों की कानूनी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी जुटाकर उन्हें आवश्यक विधिक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।

अभियान में ग्राम प्रधान, ग्राम विकास अधिकारी, स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों और अन्य ग्रामीणों के साथ समन्वय स्थापित कर लोगों को विधिक सेवाओं और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

पात्र लोगों तक पहुंचाया जाएगा योजनाओं का लाभ

अधिकारियों के अनुसार ग्रामीणों की स्थानीय जरूरतों और समस्याओं के आधार पर संबंधित नालसा योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अभियान की जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। मेगा ड्राइव के दौरान किए गए कार्यों का दस्तावेजीकरण कर प्रगति रिपोर्ट नालसा को भेजी जाएगी।

इस अवसर पर आमजन से अपील की गई कि वे अपने कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक रहें। किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या होने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क कर निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त की जा सकती है।

कार्यक्रम में चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल सोहन तिवारी, डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउंसिल हेमा शर्मा, रिटेनर अधिवक्ता तारा आर्या, नाजिर धीरज सुयाल, कनिष्ठ सहायक राहुल डंगवाल, अंबिका, यशवंत कुमार, मनोज बलसुनी, अजय बिष्ट, अनीता बिष्ट सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें