गैर-जमानती वारंट जारी होते ही पुलिस ने कसा शिकंजा, घर पर दबिश देकर चार आरोपी गिरफ्तार

हल्द्वानी – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के सख्त निर्देशों के बाद जनपद पुलिस द्वारा फरार और वांछित आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत चोरगलिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मारपीट के मुकदमे में लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप, बेंत का डंडा और कपड़े धोने की थपकी भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार 22 जून 2026 को ग्राम गजेपुर, कुँवरपुर निवासी राकेश पलड़िया ने थाना चोरगलिया में तहरीर दी थी। तहरीर में बताया गया था कि खेत में रास्ते और गूल को लेकर आरोपियों से विवाद हो गया था। इसी दौरान आरोपियों ने उसके सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे वह बेहोश होकर गिर गया। हमले में उसके सिर पर नौ टांके आए थे।

मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर थाना चोरगलिया में FIR No. 26/2026 के तहत धारा 118(1)/352 BNS में मुकदमा दर्ज किया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने मामले में धारा 109/351(2) BNS की भी बढ़ोतरी की।

लगातार दबिश के बाद भी गिरफ्तारी से बच रहे थे आरोपी

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मारपीट एवं अन्य आपराधिक घटनाओं में वांछित आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष चोरगलिया तारा सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी, लेकिन आरोपी गिरफ्तारी से बचते रहे। इसके बाद पुलिस ने न्यायालय से आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी करवाए।

घर पर दबिश देकर चारों को दबोचा

इसके बाद उपनिरीक्षक नीशू गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम गजेपुर, पोस्ट कुँवरपुर स्थित आरोपियों के घर पर दबिश दी और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ के बाद 23 अगस्त को आरोपी भैरव दत्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप, बेंत का डंडा और कपड़े धोने की थपकी बरामद की गई।

ये आरोपी हुए गिरफ्तार

पुलिस ने जयदत्त शास्त्री, भैरव दत्त, योगेश उर्फ युगल और नवीन को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी ग्राम गजेपुर, कुँवरपुर, थाना चोरगलिया क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक नीशू गौतम, हेड कांस्टेबल जगदीश सिंह, कांस्टेबल भारत भूषण, कांस्टेबल सन्दीप सिंह, महिला कांस्टेबल मीरा सिंह और महिला कांस्टेबल राजकुमारी शामिल रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें