रामनगर – रामनगर डिग्री कॉलेज मैदान में शुक्रवार को पांच दिवसीय जनपद स्तरीय सरस मेला-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। रामनगर विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने दीप प्रज्वलित कर मेले का विधिवत उद्घाटन किया। मेले में नैनीताल जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए महिला स्वयं सहायता समूहों ने अपने स्थानीय उत्पादों के साथ प्रतिभाग किया।
मेले में हस्तशिल्प, हथकरघा, खाद्य पदार्थ, जैविक उत्पाद और लखपति दीदियों द्वारा तैयार उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं। स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित मेले में लोगों की भी अच्छी रुचि देखने को मिली।
लखपति दीदियों को करोड़पति बनाने की दिशा में प्रयास
उद्घाटन अवसर पर विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिला समूहों को अपने उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराने और उन्हें पहचान दिलाने में सरस मेले महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार की अपेक्षा है कि लखपति दीदियां अब करोड़पति दीदी बनें। इसके लिए केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ लेकर महिला समूहों के उत्पादों को बेहतर बाजार, ब्रांड और पहचान दिलाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
विधायक ने कहा कि सरस मेला नैनीताल जिले की महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच है। महिलाओं में मेले को लेकर उत्साह है और लोग भी स्थानीय उत्पादों की खरीद में रुचि दिखा रहे हैं।
50 स्टॉलों में दिखी महिलाओं की मेहनत
मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उनके उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराना है। सरस मेला महिला स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पाद सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाने का अवसर प्रदान करता है।
उन्होंने बताया कि मेले में कुल 50 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें 25 स्टॉल स्वयं सहायता समूहों और अन्य स्टॉल विभिन्न स्थानीय उद्यमियों के हैं। उन्होंने कहा कि महिला समूहों को उत्पादों की ब्रांडिंग, मार्केटिंग, तकनीकी सहयोग और प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उनके उत्पादों की गुणवत्ता और बाजार क्षमता को बढ़ाया जा सके।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
मेले के उद्घाटन अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। लोकगायिका माया उपाध्याय ने कुमाऊंनी गीतों की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में लोक संस्कृति के रंग भर दिए।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी, नगर पालिका अध्यक्ष मोहम्मद अकरम, भाजपा जिला उपाध्यक्ष गणेश रावत, मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र खाती, किसान आयोग सदस्य संजय डॉर्बी, दिनेश मेहरा, परियोजना निदेशक डीआरडीए शिल्पी पंत, डीडीओ संतोष पंत, सहायक परियोजना निदेशक चंदा फर्त्याल, बीडीओ गिरीश पांडे सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।










