50 पुलिसकर्मियों की टीम ने सुलझाई गोरापड़ाव डकैती, दो आरोपी गिरफ्तार; सीसीटीवी और सर्विलांस से मिला सुराग

हल्द्वानी – गोरापड़ाव में हथियारों के बल पर हुई लाखों रुपये की डकैती का नैनीताल पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 66 हजार रुपये की नकदी, एक तमंचा, चार कारतूस तथा चार अन्य जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, वारदात में करीब आठ लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन और सोने के आभूषण लूटे गए थे।

हथियारबंद बदमाशों ने कार्यालय में बोला था धावा

पुलिस के मुताबिक, 19 अगस्त 2026 की शाम डायल-112 के माध्यम से गोरापड़ाव क्षेत्र में हथियारबंद लोगों द्वारा लूटपाट की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

वादी नारायण दास, निवासी अंबा बिहार, तीनपानी, हल्द्वानी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि Kia शोरूम के पीछे स्थित उनके कार्यालय/गैराज में करीब 10 हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोलकर लगभग आठ लाख रुपये नकद, 12 मोबाइल फोन और तीन सोने की चेन व अंगूठी लूट लीं। तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज कर जांच प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता को सौंपी गई।

50 पुलिसकर्मियों की टीम ने शुरू किया ऑपरेशन

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल करीब 50 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विशेष टीम गठित की। टीम में एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल, एएसपी/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, सीओ लालकुआं विमल प्रसाद, विभिन्न थाना प्रभारियों के साथ SOG, साइबर टीम, क्राइम विशेषज्ञ, BDS और डॉग स्क्वायड को शामिल किया गया।

एसएसपी ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और घटना के दौरान मौजूद लोगों से पूछताछ कर पुलिस टीमों को अलग-अलग टास्क सौंपे। इसके बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और सर्विलांस इनपुट खंगालते हुए संदिग्धों की पहचान शुरू की।

जुआ में हारी रकम की भरपाई के लिए बनाई थी डकैती की योजना

पुलिस पूछताछ के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू (25) और रखवीर सिंह (28) ने किच्छा निवासी यश सिडाना के संपर्क में आने के बाद डकैती की योजना बनाई थी। पुलिस का दावा है कि यश सिडाना कथित तौर पर जुए में बड़ी रकम हार गया था और आर्थिक तंगी से गुजर रहा था।

आरोपियों ने गोरापड़ाव में बड़े पैमाने पर जुआ खेले जाने की जानकारी के आधार पर वहां डकैती की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने वारदात से पहले घटनास्थल की रेकी की और इसके बाद अन्य लोगों को भी योजना में शामिल किया।

आरोप है कि नकाब पहनकर हथियारों के साथ कार्यालय में घुसे बदमाशों ने लोगों को डराकर नकदी और आभूषण लूटे तथा मौके से फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक, लूटी गई रकम आपस में बांटने के बाद आरोपी अलग-अलग ठिकानों पर चले गए। मोबाइल फोन रास्ते में फेंक दिए गए, ताकि डिजिटल साक्ष्य पुलिस के हाथ न लग सकें।

दो आरोपियों से नकदी और हथियार बरामद

पुलिस ने वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू, निवासी विथा अकबर, सितारगंज को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 31 हजार रुपये और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

दूसरे आरोपी रखवीर सिंह, निवासी ईश्वरपुर, थाना शीशगढ़, जिला बरेली को भी गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 35 हजार रुपये, एक 315 बोर का तमंचा और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए।

बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 61(2) और 317(3) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने बताया कि घटना संगठित तरीके से किए जाने के आधार पर बीएनएस के प्रावधानों के तहत भी आगे कार्रवाई की जाएगी।

रखवीर के खिलाफ पहले से कई मुकदमे

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी रखवीर सिंह के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें केलाखेड़ा, दिनेशपुर, रुद्रपुर और नानकमत्ता थानों में हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे शामिल हैं। वहीं वंशप्रीत सिंह का आपराधिक इतिहास पुलिस द्वारा खंगाला जा रहा है।

पुलिस टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए एसएसपी नैनीताल ने टीम को 2,500 रुपये के पुरस्कार से पुरस्कृत किया। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और लूट की शेष रकम एवं सामान की बरामदगी के लिए जांच जारी है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें