वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी, खड़की-सिलोटी होते हुए नौकुचियाताल बाईपास का निर्माण शुरू; मंत्री कैड़ा ने किया शुभारंभ

भीमताल – लंबे समय से चली आ रही ग्रामीणों की मांग को आखिरकार धरातल पर अमलीजामा पहनाते हुए कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सलेड़ी-खेरोला से खड़की-सिलोटी होते हुए नौकुचियाताल तक प्रस्तावित बाईपास मोटर मार्ग के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। बाईपास के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों के साथ पर्यटकों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी और भीमताल में लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

भीमताल ब्लॉक के सलेड़ी, खेरोला, खड़की, सिलोटी और नौकुचियाताल क्षेत्र के ग्रामीण लंबे समय से मोटर मार्ग निर्माण की मांग कर रहे थे। मोटर मार्ग की सुविधा नहीं होने के कारण ग्रामीणों को अपना सामान मुख्य मार्ग तक पहुंचाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। वहीं बीमार लोगों को कई बार घोड़े या कंधों के सहारे मुख्य सड़क तक लाना पड़ता था।

ग्रामीणों की मांग पर तैयार हुई डीपीआर

ग्रामीणों ने अपनी समस्या कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा के समक्ष रखी थी। मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को राज्य योजना के तहत बाईपास मोटर मार्ग की डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री से मार्ग निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत करने का आग्रह किया। शासन से धनराशि स्वीकृत होने के बाद अब निर्माण कार्य शुरू हो गया है।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि बाईपास बनने के बाद क्षेत्र के लोगों के लिए आवागमन सुगम होगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। पर्यटकों को नौकुचियाताल पहुंचने के लिए भीमताल से होकर लंबा रास्ता तय नहीं करना पड़ेगा। इससे भीमताल के तल्लीताल क्षेत्र में यातायात का दबाव और जाम की समस्या भी कम होने की उम्मीद है।

गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा हो काम

कैबिनेट मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता न किया जाए और निर्धारित मानकों के अनुरूप जल्द से जल्द मोटर मार्ग का निर्माण पूरा किया जाए।

उन्होंने कहा कि बाईपास बनने से सिर्फ भीमताल विधानसभा ही नहीं, बल्कि पूरे कुमाऊं क्षेत्र की जनता और पर्यटकों को इसका लाभ मिलेगा। लंबे समय से चली आ रही ग्रामीणों की समस्या का स्थायी समाधान भी इससे संभव होगा।

निर्माण कार्य के शुभारंभ पर क्षेत्रीय ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया और मार्ग निर्माण के लिए आभार जताया।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों के डामरीकरण और नए मार्गों के निर्माण का कार्य लगातार कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है और इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें