नैनीताल – विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत युवा मतदाताओं एवं विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय, भीमताल में ‘शंका समाधान संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्वीप टीम नैनीताल की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भाषण एवं क्विज प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी नैनीताल, नोडल अधिकारी स्वीप/मुख्य विकास अधिकारी तथा मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं जिला समन्वयक स्वीप के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम का संचालन ग्राफिक एरा के डॉ. अमित मित्तल एवं डॉ. संतोषी ने किया।
भाषण और क्विज प्रतियोगिता बना आकर्षण
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने मतदाता जागरूकता, लोकतांत्रिक सहभागिता और जिम्मेदार नागरिकता जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। वहीं क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों के निर्वाचन प्रक्रिया एवं SIR से संबंधित ज्ञान को परखा गया। प्रतियोगिताओं के जरिए निर्वाचन संबंधी जानकारी को रोचक एवं संवादात्मक तरीके से विद्यार्थियों तक पहुंचाया गया।
छात्रों की शंकाओं का किया समाधान
कार्यक्रम के दौरान युवा मतदाताओं और विद्यार्थियों से SIR को लेकर सीधा संवाद किया गया। उनकी शंकाओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें मतदाता सूची के सत्यापन और अद्यतन के महत्व की जानकारी दी गई।
स्वीप टीम ने विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि सही और अद्यतन मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है। युवाओं से अपने मतदाता विवरण की जांच करने तथा आवश्यकतानुसार संशोधन की प्रक्रिया में सहभागिता करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने आयोजन को जीवंत बना दिया। इसका उद्देश्य युवा मतदाताओं में मतदाता जागरूकता, लोकतांत्रिक मूल्यों और जिम्मेदार नागरिकता की भावना को मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम में स्वीप टीम नैनीताल की ओर से राकेश लाल वर्मा, डॉ. प्रदीप उपाध्याय, मीनाक्षी कीर्ति एवं लक्ष्मी पांडेय सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।











