नैनीताल में मतदाता सूची शुद्धिकरण अभियान तेज, 2.30 लाख नोटिस वितरित; 15 सितंबर को जारी होगी अंतिम सूची

हल्द्वानी – विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत नैनीताल जिले में मतदाता सूची के शुद्धीकरण और अद्यतन की प्रक्रिया तेजी से जारी है। सोमवार को हल्द्वानी तहसील सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर नोटिस वितरण, दावे-आपत्तियों और उनके निस्तारण की प्रगति की जानकारी दी गई।

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय ने की। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची को पूर्णतः शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए नोटिस वितरण और दावे-आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया चल रही है।

2,35,085 नोटिस में 2,30,222 वितरित

बैठक में बताया गया कि जनपद नैनीताल में प्रारूप निर्वाचक नामावली के अनुसार कुल 6,93,325 मतदाता पंजीकृत हैं। जिले में कुल 2,35,085 नोटिस जारी किए गए हैं, जिनमें से अब तक 2,30,222 नोटिस संबंधित मतदाताओं को वितरित किए जा चुके हैं।

अब तक 69,318 मतदाताओं के नोटिस की सुनवाई पूरी की जा चुकी है। वहीं, मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और विवरण संशोधन से संबंधित विभिन्न प्रपत्र भी प्राप्त हुए हैं। इनमें फॉर्म-6 के 12,450, फॉर्म-7 के 11,599 और फॉर्म-8 के 7,190 आवेदन शामिल हैं।

1.88 लाख Anomaly और 47 हजार No Mapping प्रकरण

अधिकारियों ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा आधुनिक तकनीक के माध्यम से मतदाता सूची में संभावित विसंगतियों की पहचान की गई है। नैनीताल जिले में करीब 1,88,054 प्रकरण Anomaly तथा 47,031 प्रकरण No Mapping श्रेणी में चिह्नित किए गए हैं।

इन प्रकरणों में संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा नियमानुसार नोटिस जारी कर जांच और सुनवाई की कार्रवाई की जा रही है।

15 सितंबर को होगा अंतिम प्रकाशन

उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन हो चुका है। दावे-आपत्तियों और नोटिसों पर सुनवाई एवं निस्तारण की प्रक्रिया 14 जुलाई से 11 सितंबर 2026 तक चलेगी। इसके बाद 15 सितंबर 2026 को अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जाएगा।

उन्होंने राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों से अपील की कि यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से रह गया है अथवा नाम, पता, आयु, फोटो या अन्य विवरण में कोई त्रुटि है तो निर्धारित अवधि में फॉर्म-6, फॉर्म-7 या फॉर्म-8 के माध्यम से दावा अथवा आपत्ति प्रस्तुत करें।

उन्होंने कहा कि सभी दावे और आपत्तियों का निस्तारण पारदर्शिता, निष्पक्षता और भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाएगा। उन्होंने राजनीतिक दलों से SIR की प्रक्रिया में सहयोग करने का भी आह्वान किया।

बैठक में उपजिलाधिकारी हल्द्वानी मोनिका, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पांडे, नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी ए.पी. बाजपेयी सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें बसपा से हरीश सिनौली व संजू, कांग्रेस से मनोज शर्मा, प्रकाश, अनिल अग्रवाल भट्ट व प्रकाश पटवाल, भाजपा से आनंद सिंह व मनीष पाल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें