दूध की धार के साथ देशभक्ति की लहर, आंचल की 705 समितियों में फहराया तिरंगा

लालकुआं – देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड में उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आंचल दुग्ध संघ से जुड़ी 705 दुग्ध समितियों में भी ध्वजारोहण कर आजादी के पर्व को धूमधाम से मनाया गया। समितियों में दुग्ध उत्पादकों एवं पदाधिकारियों ने तिरंगे को सलामी देकर राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के प्रति संकल्प लिया।

लालकुआं स्थित दुग्ध संघ परिसर में संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।

दुग्ध उत्पादकों के हित सर्वोच्च प्राथमिकता

कर्मचारियों को संबोधित करते हुए अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि आंचल दुग्ध संघ दुग्ध उत्पादकों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य कर रहा है। दुग्ध उपार्जन व्यवस्था को और मजबूत करने के साथ आंचल दूध एवं दुग्ध उत्पादों के विपणन को बढ़ावा देने के लिए भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादक आंचल की पूरी व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके हितों को ध्यान में रखते हुए दुग्ध उपार्जन और विपणन व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाएगा।

कर्मचारियों को जल्द मिलेगी वर्दी

संघ अध्यक्ष ने कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि दुग्ध संघ के कर्मचारियों को जल्द ही वर्दी वितरित की जाएगी। उन्होंने कहा कि कर्मचारी संघ की कार्यप्रणाली की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके हितों एवं सुविधाओं का ध्यान रखना संघ की प्राथमिकता है।

705 समितियों में गूंजा राष्ट्रगान

लालकुआं सहित पर्वतीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आंचल दुग्ध संघ से जुड़ी 705 दुग्ध समितियों में भी स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। समितियों के पदाधिकारियों और दुग्ध उत्पादकों ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान किया। इस दौरान देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया गया।

दुग्ध समितियों के चुनाव की तिथियां निर्धारित होने के कारण कार्यक्रम के दौरान आचार संहिता का पालन किया गया। स्वतंत्रता दिवस समारोह में किसी भी प्रकार की चुनाव प्रचार संबंधी गतिविधि नहीं की गई।

दुग्ध उपार्जन और विपणन मजबूत करने पर जोर

कार्यक्रम का संचालन प्रशासन/विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी ने किया। उन्होंने कर्मचारियों को दुग्ध उपार्जन व्यवस्था, समितियों के माध्यम से होने वाले दुग्ध संग्रहण तथा आंचल दूध एवं दुग्ध उत्पादों के विपणन की जानकारी दी।

उन्होंने कर्मचारियों से दुग्ध उत्पादकों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने, दुग्ध उपार्जन बढ़ाने तथा आंचल के उत्पादों की बिक्री को और मजबूत करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, पूर्व संचालक मंडल सदस्य राजेंद्र प्रसाद, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, पीएंडआई प्रभारी सुभाष बाबू, सुरेश चंद्र, रमेश मेहता, राजू दुमका, रमेश चंद्र, दिनेश कुलोरा, कारखाना प्रबंधक धर्मेंद्र सिंह राणा, स्टोर प्रभारी खलील अहमद, रश्मि धामी, रेखा बोरा, विपिन तिवारी, विजय चौहान, विमल कुमार समेत दुग्ध संघ के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें