किशोर की काउंसलिंग में सामने आई घटना, आरोपी पुलिस की हिरासत में

हल्द्वानी – मुखानी थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात 13 वर्षीय किशोर के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। किशोर की काउंसलिंग कराई गई है और पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार किशोर मुखानी क्षेत्र में एक मांस विक्रेता की दुकान पर बैठता था। बताया जा रहा है कि आरोपी आसपास कबाड़ बीनने का काम करता है। बुधवार को आरोपी ने किशोर को कथित तौर पर बातों में उलझाया और दुकान के पास ही एक सुनसान स्थान पर ले गया। वहां उसके साथ आपत्तिजनक हरकत करने और दुष्कर्म करने का आरोप है।

किशोर ने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिजन उसे लेकर मुखानी थाने पहुंचे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी और आरोपी को हिरासत में ले लिया। मामले को लेकर देर रात थाने में लोगों की भीड़ जुटने से कुछ देर हंगामे की स्थिति भी बनी, जिसे पुलिस ने समझाकर शांत कराया।

पुलिस ने किशोर की काउंसलिंग कराई, जिसमें उसने अपने साथ हुई घटना के संबंध में जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और मेडिकल रिपोर्ट समेत अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि किशोर की काउंसलिंग कराई गई है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच के बाद तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें