रुद्रपुर आरटीओ में अनोखा मामला, एक चेसिस नंबर पर दो कारों का पंजीकरण

रुद्रपुर – संभागीय परिवहन कार्यालय रुद्रपुर में वाहनों के पंजीकरण से जुड़ा हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक ही रजिस्ट्रेशन नंबर और चेसिस नंबर पर दो अलग-अलग कारें पंजीकृत मिली हैं। दोनों वाहनों के मालिक भी अलग-अलग हैं। मामला सामने आने के बाद परिवहन विभाग के अधिकारी भी सकते में हैं और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, हरिद्वार के ज्वालापुर निवासी सहदेव कुमार पाल ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से एआरटीओ कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि यूके 06 एएन 0807 नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार उनके नाम पर पंजीकृत है। वाहन के बीमा नवीनीकरण के दौरान उन्हें जानकारी मिली कि इसी वाहन का बीमा किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर कराया गया है।

इसके बाद एआरटीओ कार्यालय में दस्तावेजों की जांच की गई तो सामने आया कि इसी पंजीकरण नंबर की एक अन्य कार नीरज कुमार, निवासी धमोला, कालाढूंगी, नैनीताल के नाम पर भी दर्ज है। मामले की गंभीरता को देखते हुए उप सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी मोहित कोठारी ने नीरज कुमार को वाहन समेत कार्यालय बुलाया।

सामने खड़ी हुईं दोनों कारें, अधिकारी भी रह गए हैरान

दोनों वाहनों को आमने-सामने खड़ा कर तकनीकी जांच की गई तो मामला और पेचीदा हो गया। विभागीय तकनीकी अधिकारी की जांच में दोनों कारों का रजिस्ट्रेशन नंबर और चेसिस नंबर समान पाया गया। एक ही नंबर पर दो वाहनों के पंजीकरण की स्थिति ने परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

जांच में सामने आया कि नीरज कुमार ने कार केलाखेड़ा के एक डीलर से खरीदी थी। डीलर के अनुसार उसने वाहन सहदेव कुमार पाल नाम के एक व्यक्ति से खरीदा था। हालांकि, डीलर द्वारा बताए गए सहदेव कुमार पाल और शिकायतकर्ता सहदेव कुमार पाल अलग-अलग व्यक्ति बताए जा रहे हैं।

दो अलग लोगों के आधार नंबर भी एक जैसे मिलने से बढ़ी उलझन

मामले में सबसे चौंकाने वाला तथ्य यह सामने आया कि दूसरे सहदेव कुमार पाल का आधार कार्ड जांच के दौरान सामने आया तो उसका आधार नंबर भी शिकायतकर्ता सहदेव कुमार पाल के आधार नंबर के समान पाया गया। हालांकि दोनों आधार कार्डों में जन्मतिथि और फोटो अलग-अलग हैं।

अब परिवहन विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि एक ही रजिस्ट्रेशन और चेसिस नंबर वाली दो कारें आखिर किस प्रक्रिया के तहत पंजीकृत हुईं और दोनों व्यक्तियों के आधार नंबर एक समान कैसे दर्ज हुए।

एजेंसी की गलती मिली तो होगी कार्रवाई

एआरटीओ मोहित कोठारी ने बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद जांच शुरू कर दी गई है। हरिद्वार निवासी सहदेव कुमार पाल के नाम पंजीकृत वाहन सही है। दूसरे व्यक्ति के नाम पर वाहन का पंजीकरण किस तरह हुआ, इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में यदि किसी एजेंसी की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें