खाई में समाई कृषि विभाग की कैंटर, चालक की मौत – घायलों को हल्द्वानी भेजा

ओखलकांडा – विकासखंड ओखलकांडा की ग्रामसभा ओखलकांडा मल्ला में कृषि विभाग की कैंटर गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कैंटर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सहायक कृषि अधिकारी समेत तीन लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ओखलकांडा पहुंचे और घायलों का हाल जाना।

जानकारी के अनुसार कृषि विभाग की कैंटर संख्या UK04CB-1819 विभागीय उपकरण लेकर जा रही थी। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। हादसे में चालक कमल जोशी (25) पुत्र हरीश जोशी, निवासी मानाघेर की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं हादसे में सहायक कृषि अधिकारी दीवान सिंह मेहता (59) पुत्र हरक सिंह, पंकज सिंह (27) पुत्र लक्ष्मण सिंह, निवासी धानाचूली तथा रोहित कुमार पुत्र सुरेश चंद्र, निवासी पस्या घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ओखलकांडा पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।

घायलों को हल्द्वानी किया रेफर

हादसे की सूचना मिलते ही कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ओखलकांडा पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और बेहतर उपचार के निर्देश दिए। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को बेहतर उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर कराया गया।

मंत्री कैड़ा ने अस्पताल में चिकित्सकों से वार्ता कर घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घायलों के उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।

मृतक के परिजनों को मुआवजे के निर्देश

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने जिलाधिकारी नैनीताल से वार्ता कर मृतक का पोस्टमार्टम ओखलकांडा में ही कराने के निर्देश दिए, जिसके बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई।

मंत्री ने जिला प्रशासन से मृतक के परिजनों और घायलों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार और वह स्वयं पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस एवं प्रशासन ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें