तेंदुए की दस्तक से सहमे लोग, वन विभाग से गश्त बढ़ाने की मांग तेज

पंतनगर – पंतनगर स्थित सिडकुल क्षेत्र की रिवर क्रेस्ट कॉलोनी में सोमवार देर रात तेंदुआ दिखाई देने से क्षेत्र में दहशत फैल गई। डाबर कंपनी के निकट स्थित कॉलोनी में तेंदुए की मौजूदगी की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात कॉलोनी के आसपास एक तेंदुआ घूमता हुआ दिखाई दिया। कुछ लोगों ने सुरक्षित दूरी से उसका वीडियो बना लिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद आसपास के क्षेत्रों में भी लोगों के बीच दहशत का माहौल है।

घटना के बाद कॉलोनीवासियों ने एहतियात बरतते हुए बच्चों और बुजुर्गों को घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि जंगल से सटे होने के कारण क्षेत्र में जंगली जानवरों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है।

हालांकि, इस घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने या किसी अन्य नुकसान की सूचना नहीं है। इसके बावजूद लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और तेंदुए को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें