किशोरियों से बदसलूकी के आरोप में बवाल, महिलाओं ने मनचलों को घेरा

मुक्तेश्वर – नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर क्षेत्र स्थित सतौली गांव में किशोरियों से कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आने के बाद स्थानीय महिलाओं और युवतियों का गुस्सा फूट पड़ा। आरोप है कि दो युवकों द्वारा अभद्र टिप्पणियां किए जाने से नाराज ग्रामीण महिलाओं और किशोरियों ने दोनों को पकड़कर उनकी जमकर पिटाई कर दी। इतना ही नहीं, उनका मुंह काला कर बिच्छू घास भी लगाई गई। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, दो युवक पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में घूम रहे थे। शनिवार को गांव की सड़क पर मौजूद किशोरियों पर उन्होंने कथित रूप से अभद्र फब्तियां कसते हुए स्वयं को उनका “बॉडीगार्ड” बनाने जैसी आपत्तिजनक बातें कहीं। इससे आक्रोशित किशोरियों ने घटना की जानकारी अपने परिजनों और स्थानीय लोगों को दी।

सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और दोनों युवकों को पकड़ लिया। वायरल वीडियो में महिलाएं और युवतियां दोनों युवकों की चप्पलों और थप्पड़ों से पिटाई करती दिखाई दे रही हैं। इसके बाद उनका मुंह काला किया गया और कथित तौर पर बिच्छू घास भी लगाई गई।

घटना के दौरान मौजूद लोगों ने बाहरी क्षेत्रों से काम करने आने वाले श्रमिकों का सत्यापन अनिवार्य किए जाने की भी मांग उठाई। वायरल वीडियो में स्थानीय लोग बिना पुलिस सत्यापन के बाहरी लोगों को काम पर न रखने की बात कहते दिखाई दे रहे हैं।

नैनीताल पुलिस के अनुसार, कुल 14 युवक रोजगार की तलाश में क्षेत्र में आए थे, जिनमें से नौ वापस लौट गए जबकि पांच वहीं रुके हुए थे। इन्हीं में से दो युवकों पर किशोरियों से अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा है। शिकायत के बाद स्थानीय स्तर पर विवाद बढ़ गया।

पुलिस का कहना है कि मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें