देवभूमि को हराभरा बनाने का संकल्प, हरेला पर पुलिस ने चलाया व्यापक वृक्षारोपण अभियान

हल्द्वानी – उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर नैनीताल पुलिस ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए जनपदभर में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने काठगोदाम कोतवाली परिसर में पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया तथा समस्त जनपदवासियों और पुलिस परिवार को हरेला पर्व की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि “हरियाली है तो हम हैं।” उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति का मूल आधार प्रकृति है और वर्तमान समय में विकास तथा पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि भूस्खलन, बाढ़ और जलवायु परिवर्तन जैसी प्राकृतिक चुनौतियों से धरती को बचाने का प्रभावी माध्यम है।

उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से आह्वान किया कि केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहें, बल्कि उनके वृक्ष बनने तक संरक्षण का भी संकल्प लें। उन्होंने कहा कि पुलिस परिसर और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षित स्थानों का चयन कर व्यवस्थित ढंग से पौधारोपण किया जाए तथा प्रत्येक पुलिसकर्मी अपने गृह एवं मूल निवास पर भी कम से कम दो पौधे अवश्य लगाए।

एसएसपी ने कहा कि “प्रकृति सुरक्षित रहेगी, तभी हमारा भविष्य सुरक्षित रहेगा।” उन्होंने कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी पुलिस की सक्रिय भूमिका पर बल देते हुए सभी कर्मियों से देवभूमि उत्तराखंड को और अधिक हराभरा बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

हरेला पर्व के उपलक्ष्य में नैनीताल पुलिस द्वारा जनपद के सभी थाना परिसरों, पुलिस कार्यालयों, अग्निशमन इकाइयों तथा अन्य पुलिस प्रतिष्ठानों में आम, अमरूद, जामुन, कटहल, बुरांश, पांगर, गुलमोहर, तेजपत्ता, आंवला सहित स्थानीय प्रजातियों के लगभग 600 फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया।

काठगोदाम कोतवाली में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार, प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, प्रभारी सीपीयू जगदीश राम, चौकी प्रभारी मल्ला काठगोदाम दिलीप कुमार सहित पुलिस बहुउद्देशीय भवन की विभिन्न शाखाओं के प्रभारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इसके अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नगर डॉ. जगदीश चंद्र, सभी क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों तथा अग्निशमन प्रभारियों ने भी अपने-अपने थाना परिसरों, कार्यालयों एवं इकाइयों में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर नैनीताल पुलिस ने हरित उत्तराखंड के निर्माण और पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी बढ़ाने का संकल्प भी दोहराया।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें