चार युवकों की मौत के बाद प्रशासन हरकत में, मजिस्ट्रियल जांच से सामने आएगी सच्चाई

हल्द्वानी – तीनपानी–गौलापार फ्लाईओवर पर 11 जुलाई को हुए भीषण सड़क हादसे, जिसमें चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई थी, की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं। जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने अपर जिलाधिकारी विवेक राय को जांच अधिकारी नामित करते हुए 21 दिनों के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि जांच के दौरान दुर्घटना के वास्तविक कारणों की निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक पड़ताल की जाए। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सड़क सुरक्षा से संबंधित प्रभावी एवं व्यावहारिक सुझाव भी रिपोर्ट में शामिल किए जाएं।

उन्होंने कहा कि जनपद में सड़क सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर सुरक्षा उपायों को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए व्यापक कार्ययोजना पर तेजी से काम किया जाएगा।

गौरतलब है कि 11 जुलाई की देर रात तीनपानी–गौलापार बाईपास फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की स्कूटी से हुई भीषण टक्कर में राहुल राजपूत (17), शिवम (25), अंशुल आर्य (20) और आदित्य टम्टा (18) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी। इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई थी।

अब प्रशासन ने मामले की मजिस्ट्रियल जांच शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर दुर्घटना के कारणों का विश्लेषण करने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें