गौला पार्किंग और गौला पुल पर पुलिस की कार्रवाई, दो मामलों में दो तस्कर गिरफ्तार

हल्द्वानी – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बनभूलपुरा पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक आरोपी के कब्जे से 10.26 ग्राम स्मैक तथा दूसरे आरोपी के पास से 144 पव्वे अवैध माल्टा मसालेदार शराब बरामद की है।

एसएसपी के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में शांति व्यवस्था एवं संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान उपनिरीक्षक मोनी टम्टा, कांस्टेबल दिलशाद अहमद, सुनील कुमार एवं लक्ष्मण राम की टीम ने गौला पार्किंग स्थित सज्जाद की झोपड़ी के पास से शहनाज (20 वर्ष) निवासी 13 बीघा, इन्द्रानगर, बनभूलपुरा को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 10.26 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/29 के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

वहीं दूसरी कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक गगनदीप सिंह, कांस्टेबल महबूब अली एवं कांस्टेबल ललित नाथ की टीम ने गौला पुल पर वाहन चेकिंग के दौरान स्कूटी संख्या UK04 AT 4457 को रोका। तलाशी लेने पर स्कूटी में रखे प्लास्टिक के कट्टे से तीन पेटियों में कुल 144 पव्वे माल्टा मसालेदार अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने स्कूटी सवार नीरज जोशी (25 वर्ष) निवासी हीरानगर, मुखानी (मूल निवासी अल्मोड़ा) को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत मुकदमा दर्ज किया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में नशा तस्करों और अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे तत्वों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें