पुलिस से बचने के प्रयास में तीन वाहनों को रौंदा, बिजली के पोल से टकराकर रुकी स्कॉर्पियो

नैनीताल – विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम के समीप शनिवार देर रात नशे में धुत पर्यटकों ने जमकर उत्पात मचाया। पहले होम स्टे संचालक के साथ मारपीट की और पुलिस के पहुंचने पर कार लेकर फरार हो गए। पीछा कर रही पुलिस से बचने के प्रयास में आरोपियों ने तीन वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे एक महिला घायल हो गई। अंततः तेज रफ्तार स्कॉर्पियो बिजली के पोल से टकराकर रुक गई, जिसके बाद पुलिस ने युवकों को हिरासत में ले लिया।

पुलिस के अनुसार, यूपी-32 एआर-0095 नंबर की स्कॉर्पियो में सवार पांच युवक कैंची धाम क्षेत्र पहुंचे थे। देर रात किसी बात को लेकर उनका एक होम स्टे संचालक से विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। सूचना मिलते ही कैंची धाम पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी वाहन लेकर फरार हो गए।

पुलिस ने तत्काल पीछा शुरू किया। इस दौरान भवाली की ओर भाग रहे युवकों ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए रास्ते में तीन वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में एक कार में सवार महिला घायल हो गई। बेकाबू स्कॉर्पियो कुछ दूरी आगे जाकर सड़क किनारे बिजली के पोल से टकरा गई, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना के बाद पुलिस ने कार में सवार सभी युवकों को हिरासत में लेकर पुलिस चौकी पहुंचाया। सभी का चिकित्सीय परीक्षण कराने के लिए भवाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि युवक शराब के नशे में थे और उसी हालत में वाहन चला रहे थे।

कोतवाल प्रकाश मेहरा ने बताया कि आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। दुर्घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो को सीज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें