नैनीताल – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक, सुलभ और जनकेंद्रित बनाने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। “स्वस्थ उत्तराखंड” और “आयुष प्रदेश” के संकल्प को साकार करने की दिशा में जनपद नैनीताल में स्वास्थ्य सुविधाओं का उल्लेखनीय विस्तार हुआ है। आधुनिक आईसीयू, अत्याधुनिक आयुर्वेदिक चिकित्सालय और महिला अस्पताल के नए भवन जैसी परियोजनाओं ने आमजन को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा उपलब्ध कराने की दिशा में नई उम्मीद जगाई है।
बेस अस्पताल में आधुनिक ICU से गंभीर मरीजों को बड़ी राहत
मुख्यमंत्री की प्राथमिकता के अनुरूप लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से हल्द्वानी स्थित बेस चिकित्सालय में नौ बेड का अत्याधुनिक आईसीयू पूरी तरह संचालित हो चुका है। आधुनिक जीवनरक्षक उपकरणों, विशेषज्ञ चिकित्सकों और प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ से सुसज्जित इस आईसीयू के शुरू होने से अब कुमाऊँ मंडल के गंभीर मरीजों को उपचार के लिए निजी अस्पतालों या बाहरी हायर सेंटरों का रुख नहीं करना पड़ रहा है।
आईसीयू में चौबीसों घंटे विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचार की व्यवस्था की गई है। चार एनेस्थेटिस्ट, प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ तथा विशेषज्ञ फिजिशियन एवं सर्जनों की तैनाती से गंभीर मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध हो रहा है। इससे विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिली है।
कुमाऊँ का सबसे बड़ा आयुर्वेदिक चिकित्सालय बना भरोसे का केंद्र
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “आयुष प्रदेश” विजन के तहत जनपद नैनीताल में कुमाऊँ का सबसे बड़ा 50 बेड का आयुर्वेदिक चिकित्सालय स्थापित किया गया है। यह संस्थान अब उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि अन्य राज्यों से आने वाले मरीजों के लिए भी विश्वास का केंद्र बनता जा रहा है।
यहां प्रतिदिन 30 से 50 मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। मात्र 10 रुपये की ओपीडी शुल्क पर विशेषज्ञ परामर्श और निःशुल्क दवाइयों की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। बुखार, खांसी, जोड़ों का दर्द, कमर दर्द, साइटिका सहित कई रोगों का आयुर्वेदिक पद्धति से उपचार किया जा रहा है। साथ ही पंचकर्म जैसी विशेष चिकित्सा सेवाएं भी मरीजों को कम खर्च में उपलब्ध कराई जा रही हैं।
महिला अस्पताल को मिल रही आधुनिक सुविधाएं
महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हल्द्वानी महिला चिकित्सालय के लिए लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक अस्पताल भवन का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसके साथ ही अस्पताल परिसर में पार्किंग सुविधा विकसित करने की योजना पर भी कार्य चल रहा है।
नई पार्किंग व्यवस्था से मरीजों और उनके परिजनों को वाहन पार्किंग की समस्या से राहत मिलेगी तथा अस्पताल परिसर अधिक व्यवस्थित और सुगम बनेगा। सरकार की यह पहल स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ मरीजों की सुविधा और सम्मान को भी प्राथमिकता देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
स्वास्थ्य सेवाओं में बढ़ा जनविश्वास
राज्य सरकार आधुनिक चिकित्सा, आयुष प्रणाली और स्वास्थ्य अवसंरचना को समान प्राथमिकता देते हुए प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का लगातार विस्तार कर रही है। आधुनिक आईसीयू, आयुर्वेदिक चिकित्सा सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण और महिला अस्पतालों के विकास जैसे प्रयास स्वास्थ्य क्षेत्र में दीर्घकालिक सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धियां माने जा रहे हैं।
जनपद नैनीताल में स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए ये विकास कार्य न केवल आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हैं, बल्कि आम नागरिकों को समय पर, गुणवत्तापूर्ण और सुलभ चिकित्सा उपलब्ध कराने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जनकल्याणकारी दृष्टिकोण और विकास की प्रतिबद्धता का भी सशक्त उदाहरण हैं।










