25 जुलाई तक आवेदन करें, आईटीआई में प्रशिक्षण के साथ अप्रेंटिसशिप और रोजगार का मौका

नैनीताल – उत्तराखंड में कौशल विकास एवं व्यावसायिक शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में वर्ष 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। इच्छुक छात्र-छात्राएं विभिन्न व्यवसायों में प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विभाग का उद्देश्य युवाओं को कौशल आधारित प्रशिक्षण देकर रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

राजकीय आईटीआई बेतालघाट में कार्यरत उप नोडल अधिकारी (प्रवेश समिति) कुमाऊं मंडल राजेंद्र पांडे ने बताया कि जो छात्र-छात्राएं विभिन्न तकनीकी व्यवसायों में प्रशिक्षण प्राप्त करना चाहते हैं, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि कुमाऊं मंडल के 37 राजकीय आईटीआई में विभिन्न ट्रेडों के अंतर्गत ड्यूल ट्रेनिंग सिस्टम (Dual Training System) लागू किया गया है।

उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत एक वर्षीय प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले प्रशिक्षार्थियों को छह माह संबंधित चयनित कंपनी में प्रशिक्षण दिया जाएगा, जबकि द्विवर्षीय पाठ्यक्रम करने वाले अभ्यर्थी एक वर्ष आईटीआई और एक वर्ष उद्योगों में व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।

राजेंद्र पांडे ने बताया कि ड्यूल ट्रेनिंग सिस्टम से प्रशिक्षार्थियों को उद्योगों के कार्य वातावरण, अनुशासन, समय प्रबंधन, व्यवहारिक कौशल तथा आधुनिक तकनीकों की जानकारी मिलेगी। प्रशिक्षण अवधि के दौरान संबंधित कंपनियां नियमानुसार प्रशिक्षार्थियों को मानदेय भी प्रदान करेंगी, जिससे उन्हें आर्थिक सहयोग मिलने के साथ-साथ भविष्य में रोजगार प्राप्त करने में भी सुविधा होगी।

उन्होंने बताया कि संस्थान स्तर पर सभी प्रशिक्षार्थियों को निर्धारित ड्रेस उपलब्ध कराई जाती है। इसके अलावा प्रत्येक वर्ष संस्थान परिसर में रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले आयोजित किए जाते हैं, जिनमें विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेकर प्रशिक्षार्थियों का चयन करती हैं। इससे अनेक युवाओं को प्रशिक्षण के दौरान ही अप्रेंटिसशिप एवं रोजगार के अवसर प्राप्त हो जाते हैं।

स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समय-समय पर जिला उद्योग केंद्र, एमएसएमई तथा विभिन्न बैंकों के अधिकारियों को संस्थानों में आमंत्रित किया जाता है। इन विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षार्थियों को स्वरोजगार योजनाओं, बैंक ऋण, सरकारी सहायता एवं उद्यम स्थापना संबंधी जानकारी प्रदान की जाती है, ताकि युवा स्वयं का रोजगार स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सकें और पर्वतीय क्षेत्रों से हो रहे पलायन को रोकने में योगदान दे सकें।

उप नोडल अधिकारी ने यह भी बताया कि अग्निवीर भर्ती में आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को नियमानुसार वरीयता का लाभ भी प्राप्त होता है, जिससे उनके लिए रक्षा सेवाओं में भी बेहतर अवसर उपलब्ध होते हैं।

महत्वपूर्ण तिथियां

  • ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि – 25 जुलाई 2026
  • आवेदन पत्र में संशोधन – 22 जुलाई से 25 जुलाई 2026
  • मेरिट सूची का प्रकाशन – 26 जुलाई 2026
  • संस्थान एवं ट्रेड विकल्प भरने की तिथि – 27 जुलाई से 2 अगस्त 2026
  • प्रथम काउंसलिंग सूची का प्रकाशन – 4 अगस्त 2026
  • प्रवेश प्रक्रिया – 4 अगस्त से 10 अगस्त 2026

राजेंद्र पांडे ने अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं से अपील की है कि जो युवा कौशल विकास के माध्यम से रोजगार अथवा स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ना चाहते हैं, वे समय रहते ऑनलाइन आवेदन करें। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी किसी भी कार्य दिवस में अपने निकटतम राजकीय आईटीआई से संपर्क कर सकते हैं अथवा उत्तराखंड आईटीआई की आधिकारिक वेबसाइट पर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें