मौसम का अलर्ट, प्रशासन अलर्ट: डीएम ने राहत-बचाव व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए निर्देश

नैनीताल – भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 9 जुलाई (गुरुवार) को जनपद नैनीताल में भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि लगातार वर्षा के दौरान भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में मलबा और पेड़ गिरने से यातायात बाधित होने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित विभाग यह सुनिश्चित करें कि संवेदनशील मोटर मार्गों पर जेसीबी मशीनें, आवश्यक उपकरण एवं कर्मचारी चौबीसों घंटे तैनात रहें, ताकि सड़क बाधित होने की स्थिति में तत्काल मलबा हटाकर यातायात सुचारु किया जा सके।

उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को मुख्यालय पर ही उपलब्ध रहने तथा अपने मोबाइल फोन 24 घंटे चालू रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा कि किसी भी प्रकार की आपदा अथवा आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के लिए सभी आवश्यक संसाधन एवं व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखी जाएं।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखें तथा किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तत्काल जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिला प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, विशेषकर भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सतर्कता बरतें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

आपदा अथवा किसी भी आपात स्थिति की सूचना देने के लिए जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 05942-231178, 05942-231179, 05942-231181, मोबाइल नंबर 8272080884 तथा टोल-फ्री नंबर 1077 चौबीसों घंटे संचालित रहेंगे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें