हल्द्वानी – लगातार हो रही बारिश के मद्देनजर हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम ने जलभराव और सफाई व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। मंगलवार को महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने शहर के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्था, नालियों की सफाई और स्वच्छता कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बरसात के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा आम नागरिकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
महापौर ने तिकोनिया-नैनीताल रोड, कैनाल रोड (जीएसटी भवन के निकट), काठगोदाम तथा वार्ड संख्या 29 और 30 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सफाई निरीक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, जल निकासी व्यवस्था को सुचारु रखा जाए तथा जलभराव संभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जाए, ताकि बारिश के दौरान आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और जलभराव मुक्त बनाए रखना केवल नगर निगम ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी जिम्मेदारी है। स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि नगर निगम की टीमें लगातार फील्ड में तैनात हैं और शहर के सभी संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालें, नालियों में कचरा न फेंकें तथा हल्द्वानी-काठगोदाम को स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या को न्यूनतम रखने और नागरिकों को राहत प्रदान करने के लिए नगर निगम पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य कर रहा है तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से ही सुनिश्चित कर ली गई हैं।











