बारिश के साथ बिजली गिरने का भी खतरा, मौसम विभाग ने किया आगाह

देहरादून – उत्तराखंड में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विज्ञान केंद्र ने मंगलवार को प्रदेश के सभी जनपदों में बारिश की संभावना जताते हुए देहरादून, पौड़ी, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल और बागेश्वर जिलों के लिए भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, आकाशीय बिजली और तेज बारिश की चेतावनी देते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ गरज-चमक और तेज बौछारें पड़ने की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में कम समय में तीव्र से अति तीव्र वर्षा होने की आशंका है, जिससे भूस्खलन और मार्ग अवरुद्ध होने जैसी परिस्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जनपदों में आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है।

कई क्षेत्रों में बारिश से जनजीवन प्रभावित

सोमवार को हुई मूसलाधार बारिश का असर प्रदेश के कई हिस्सों में देखने को मिला। पिथौरागढ़ जिले के धारचूला क्षेत्र में नेगल गाड़ पर बना अस्थायी पुल तेज बहाव में बह गया, जिससे तीजम और उमचिया गांवों का संपर्क मुख्य मार्ग से कट गया।

वहीं गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर डबरानी और नेताला के समीप मलबा एवं कीचड़ आने से यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा। यमुनोत्री हाईवे पर स्यानाचट्टी के पास भूस्खलन के कारण लगभग पांच घंटे तक आवाजाही पूरी तरह ठप रही। बाद में मशीनों की सहायता से मलबा हटाकर मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया गया।

राजधानी में रुक-रुककर बारिश

राजधानी देहरादून में सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और दिनभर रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहा। मौसम विभाग ने दिनभर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज बौछारों की संभावना जताई है। शहर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

अगले तीन दिन ऐसा रहेगा मौसम

8 जुलाई: प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज बौछारें पड़ने की संभावना है।

9 जुलाई: मानसून के और अधिक सक्रिय रहने की संभावना है। कई स्थानों पर भारी बारिश, आकाशीय बिजली तथा पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बना रहेगा।

10 जुलाई: कुमाऊं मंडल के अधिकांश तथा गढ़वाल मंडल के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और बौछारों का दौर जारी रहने का अनुमान है।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान नदी, नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें। पर्वतीय मार्गों पर यात्रा करने से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी अवश्य लें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

प्रशासन ने भी संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाते हुए संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें