ग्रामीणों की चौपाल में पहुंचे मंत्री राम सिंह कैड़ा, मौके पर अधिकारियों को किया तलब

भीमताल – कैबिनेट मंत्री एवं भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने मंगलवार को भीमताल विधानसभा क्षेत्र के रामगढ़ ब्लॉक अंतर्गत रीठा पोखरा गांव का दौरा कर भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने बिजली, पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य सहित विभिन्न जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई कर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

दौरे के दौरान आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को मंत्री के समक्ष रखा। ग्रामीणों ने पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था, सड़क संपर्क, स्वास्थ्य सेवाओं समेत कई मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी परेशानियों से अवगत कराया।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर जनसमस्याओं के शीघ्र एवं प्रभावी समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर मंत्री कैड़ा ने भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सरकार और जनता के बीच मजबूत सेतु की भूमिका निभाएं तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं की जानकारी और लाभ पहुंचाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करें।

उन्होंने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और क्षेत्र की प्रत्येक समस्या का चरणबद्ध तरीके से समाधान कराया जा रहा है। सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है तथा विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

मंत्री कैड़ा ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जनहित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर गंभीरता से कार्य किया जाएगा और क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए सभी विभागों के साथ समन्वय बनाकर कार्य किए जाएंगे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें