नूरपुर (बिजनौर)। युवा जन क्रांति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नसीर इदरीसी ‘हमीद’ के नूरपुर आगमन पर जैद हेल्थ केयर सेंटर में उनका भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े गणमान्य लोगों ने उन्हें फूलों का गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्यों की सराहना की।
स्वागत समारोह में डॉ. एहतेशाम अहमद अंसारी (पूर्व बसपा प्रत्याशी, नगर पालिका नूरपुर), वरिष्ठ पत्रकार संजीव जोशी, समाजवादी आंदोलन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अकबर नबी इदरीसी, डॉ. वसीम सिद्दीकी (युवा राष्ट्रीय पदाधिकारी), मोहम्मद रफी मिकरानी (राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष), नवाब मलिक (समाजवादी पार्टी, जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी वार्ड-3), यामीन चौधरी (सांसद प्रतिनिधि, आजाद समाज पार्टी), शादाब इदरीसी, मुस्तफा इदरीसी (राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य), ताहिर इदरीसी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान नसीर इदरीसी ‘हमीद’ ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि देश के महान परमवीर शहीद वीर अब्दुल हमीद का बलिदान सदैव प्रेरणादायी रहेगा। उन्होंने सभी से 1 जुलाई को राजा राम मोहन राय हॉल, आरटीओ, नई दिल्ली में आयोजित शहीद वीर अब्दुल हमीद शहादत दिवस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि देश के वीर शहीदों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है और नई पीढ़ी को उनके अद्वितीय साहस एवं राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा लेनी चाहिए। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने शहादत दिवस को सफल बनाने और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।











