नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान में छात्रों और अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी

हल्द्वानी। नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत राज्यभर में 17 जून से 26 जून 2026 तक आयोजित किए जा रहे “नशामुक्त सप्ताह” के तहत शनिवार को हल्द्वानी स्थित मंगलम बैंक्वेट हॉल, रामपुर रोड में एक भव्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “नशामुक्त भारत अभियान-विकसित भारत की पहचान” थीम पर आधारित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों, समाजसेवियों एवं विभागीय अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के साथ हुआ। इस अवसर पर वक्ताओं ने नशे के बढ़ते प्रचलन पर चिंता व्यक्त करते हुए समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित डॉ. युवराज पंत, मनोवैज्ञानिक, सुशीला तिवारी चिकित्सालय हल्द्वानी ने युवाओं में बढ़ते नशे के प्रकोप, उसके मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों तथा नशे से मुक्ति के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशे की लत केवल व्यक्ति को ही नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करती है, इसलिए इसके प्रति जागरूकता और समय रहते रोकथाम बेहद आवश्यक है।

समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न समितियों, परिषदों एवं बोर्डों के सदस्यों ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता को आवश्यक बताया। उन्होंने छात्रों, अभिभावकों एवं आमजन से अपील की कि वे नशे के खिलाफ जनजागरण अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम के दौरान देवभूमि एकेडमी, मानपुर पूरब, हल्द्वानी के छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। साथ ही निबंध एवं कला प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिसमें प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।

निदेशालय समाज कल्याण के उप निदेशक जगमोहन सिंह कफोला एवं उप निदेशक वासुदेव आर्य ने अपने संबोधन में उत्तराखंड में नशे की बढ़ती चुनौती और उसके प्रभावी नियंत्रण के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकारी स्तर पर नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से ही सफल हो सकती है।

कार्यक्रम के अंत में सहायक निदेशक के.आर. जोशी ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं विभागीय अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

इस अवसर पर समाज कल्याण निदेशालय के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें