परीक्षा माफियाओं पर शिकंजा कसने की तैयारी, नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की मजबूत दीवार खड़ी की

हल्द्वानी – राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 की पुनर्परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस हाई अलर्ट मोड पर है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपदभर में व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था लागू कर दी गई है।

21 जून को आयोजित होने वाली पुनर्परीक्षा के मद्देनजर जनपद के सभी 11 परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों को परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने के उद्देश्य से जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट, कोचिंग संस्थानों एवं अन्य प्रतिष्ठानों की सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के तहत कुल 161 होटल, ढाबों एवं रेस्टोरेंट्स का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान 61 प्रतिष्ठानों में विभिन्न अनियमितताएं पाए जाने पर कार्रवाई करते हुए ₹16,500 का संयोजन शुल्क वसूला गया।

इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए जनपदभर में व्यापक वाहन चेकिंग अभियान भी संचालित किया गया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 332 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 11 वाहनों को सीज किया गया। साथ ही दो वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस एवं वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र निलंबन की कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को भेजे गए। वाहन चेकिंग अभियान के दौरान ₹66,500 का संयोजन शुल्क वसूला गया।

नैनीताल पुलिस द्वारा परीक्षा केंद्रों के अतिरिक्त बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, होटल-ढाबों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा को पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं।

नैनीताल पुलिस ने अभ्यर्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराएं, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें