काली फिल्म लगी कार रोकने पर पुलिस से अभद्रता, आरोपी पहुंचा सलाखों के पीछे

हल्द्वानी – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशों पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान हल्द्वानी पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिसकर्मियों से अभद्रता करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार को भी कब्जे में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार 10 मई 2026 की रात को कोतवाली हल्द्वानी पुलिस क्षेत्र में गश्त एवं वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान तिकोनिया स्थित ‘कबाड़ी कबाब’ के पास काली फिल्म लगी एक संदिग्ध कार को पुलिस ने जांच के लिए रोका।

चालान की कार्रवाई के दौरान कार चालक ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। आरोपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने और “वर्दी उतरवा देने” तक की धमकी दी। इसके बाद वह पुलिस के आदेशों की अवहेलना करते हुए मौके से कार लेकर फरार हो गया।

मामले में ड्यूटी पर तैनात उपनिरीक्षक आरती की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में आरोपी के खिलाफ FIR संख्या 154/2026 धारा 132/221/351(2)(3)/352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से फरार आरोपी लवजीत सिंह पुत्र कुलदीप सिंह निवासी ग्राम भवान सिंह नवाड़, लालकुआं को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार संख्या UK 18B 1989 को भी कब्जे में ले लिया है।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि ड्यूटी पर तैनात किसी भी पुलिसकर्मी या लोकसेवक के साथ अभद्रता अथवा सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें