कालाढूंगी। “फिट पुलिस–स्वस्थ पुलिस” अभियान के तहत शनिवार को कोतवाली कालाढूंगी में पुलिस कर्मियों के स्वास्थ्य एवं फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रभारी निरीक्षक कालाढूंगी अरुण कुमार सैनी के नेतृत्व में पुलिस कर्मियों ने योगाभ्यास किया। योगाचार्य दीपक सैनी ने पुलिस जवानों को विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराते हुए तनाव, मानसिक दबाव और बीमारियों से बचाव के लिए नियमित योग और व्यायाम के महत्व की जानकारी दी।
योगाचार्य ने बताया कि नियमित योगाभ्यास से मानसिक शांति, शारीरिक स्फूर्ति और कार्यक्षमता में वृद्धि होती है। इससे पुलिस कर्मी अपने दायित्वों का निर्वहन अधिक ऊर्जा, सकारात्मकता और बेहतर मनोबल के साथ कर सकते हैं।
एसएसपी नैनीताल द्वारा जनपद पुलिस को फिट और स्वस्थ बनाए रखने के लिए समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पुलिस कर्मी बेहतर पुलिसिंग के साथ प्रभावी जनसेवा भी कर सकें।
कालाढूंगी पुलिस ने कहा कि भविष्य में भी पुलिस कर्मियों की फिटनेस और मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार के कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे।










