हल्द्वानी में फिर सक्रिय हुए चेन स्नैचर, महिला से लाखों की सोने की चेन लूटकर फरार

हल्द्वानी। शहर में चेन स्नैचिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शुक्रवार शाम मुखानी क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपटकर पुलिस को खुली चुनौती दे दी। वारदात के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार पॉलीशीट निवासी 60 वर्षीय नीता साह शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे मुखानी नहर कवरिंग रोड पर टहल रही थीं। इसी दौरान जगदंबा बैंक्वेट हॉल के पास पीछे से बाइक सवार दो बदमाश पहुंचे। महिला कुछ समझ पाती उससे पहले ही बदमाश उनके गले से करीब 3.5 तोले की सोने की चेन झपटकर फरार हो गए।

घटना के बाद महिला ने शोर मचाया, जिस पर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही सीओ सिटी अमित कुमार सैनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बदमाशों की तलाश के निर्देश दिए।

पुलिस के अनुसार दोनों बदमाश हेलमेट पहने हुए थे। वारदात के दौरान महिला का दुपट्टा भी उनके साथ चला गया। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाश दोनहरिया की ओर से आए थे और वारदात को अंजाम देकर मुखानी की तरफ फरार हो गए। पुलिस ने सीमा क्षेत्रों में भी अलर्ट जारी कर दिया है।

गौरतलब है कि शहर में इससे पहले भी चेन स्नैचिंग और मंगलसूत्र लूट की कई घटनाएं हो चुकी हैं। करीब दो महीने पहले पीपलपोखरा क्षेत्र में वृद्धा से पता पूछने के बहाने मंगलसूत्र लूट लिया गया था, जबकि बिठौरिया क्षेत्र में दुकान में बैठी महिला भी लूट का शिकार हुई थी। इनमें से एक मामले का पुलिस खुलासा कर चुकी है।

सीओ सिटी अमित कुमार सैनी ने बताया कि बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें