कैंची धाम में भीड़ नियंत्रण को लेकर प्रशासन सख्त, शटल सेवा से होंगे दर्शन

नैनीताल – कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में वीकेंड के दौरान बढ़ने वाले यातायात दबाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष ट्रैफिक एवं डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। इसका उद्देश्य पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना है।

जारी यातायात योजना के अनुसार प्रत्येक शनिवार और रविवार को कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में भारी वाहनों तथा पर्यटक वाहनों के संचालन को नियंत्रित किया जाएगा।

▪️ भारी वाहनों के लिए डायवर्जन

अल्मोड़ा और रानीखेत की ओर से हल्द्वानी आने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना से डायवर्ट कर रामगढ़-मुक्तेश्वर मार्ग से हल्द्वानी भेजा जाएगा।

वहीं हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले आवश्यक सेवाओं से जुड़े भारी वाहन अपने निर्धारित मार्ग से जा सकेंगे, जबकि अन्य भारी वाहनों को यातायात दबाव के अनुसार भवाली मस्जिद तिराहे पर रोका जाएगा या उन्हें रामगढ़ एवं खुटानी मोटर मार्ग से भेजा जाएगा।

▪️ पर्यटक वाहनों के लिए विशेष व्यवस्था

बाहरी जिलों और राज्यों से आने वाले पर्यटक जो निजी वाहनों से भीमताल मार्ग होते हुए कैंची धाम जाना चाहते हैं, उनके वाहनों को भीमताल विकास भवन पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। यहां से पर्यटकों को स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से भवाली और कैंची धाम भेजा जाएगा।

इसी प्रकार गेठिया और नैनीताल मार्ग से कैंची धाम जाने वाले पर्यटकों के निजी वाहनों को भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। वहां से भी शटल सेवा के माध्यम से श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचाया जाएगा।

▪️ टैक्सी दोपहिया वाहनों पर रोक

वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी दोपहिया वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को सैनेटोरियम पार्किंग में पार्क कर शटल सेवा के माध्यम से भेजा जाएगा।

पुलिस प्रशासन ने सभी पर्यटकों, वाहन स्वामियों और चालकों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए निर्धारित ट्रैफिक एवं डायवर्जन प्लान का पालन करें।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें