नैनीताल रूट पर जाम से बचने के लिए पुलिस का विशेष प्लान लागू

हल्द्वानी। पर्यटन सीजन और वीकेंड के दौरान बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए हल्द्वानी-काठगोदाम क्षेत्र में 09 एवं 10 मई 2026 को विशेष ट्रैफिक एवं डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। यह व्यवस्था प्रतिदिन सुबह 09:00 बजे से रात 10:00 बजे तक प्रभावी रहेगी।

यातायात पुलिस द्वारा जारी प्लान के अनुसार यात्रा मार्गों पर भारी वाहनों के संचालन पर सुबह 06:00 बजे से रात 11:00 बजे तक पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

▪️ भारी वाहनों के लिए विशेष व्यवस्था

पर्वतीय क्षेत्रों से हल्द्वानी आने वाले भारी वाहनों को सुबह 08:00 बजे से रात 09:00 बजे तक जनपद सीमा पर रोका जाएगा। इनके लिए नंबर-01 बैंड, एचएमटी क्षेत्र, सलड़ी चौकी और अमृतपुर मोड़ में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

वहीं मैदानी क्षेत्रों से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले भारी वाहनों को गोलापार स्थित पुराने आरटीओ फिटनेस सेंटर और खेड़ा चौकी के पास रोका जाएगा।

▪️ पर्यटक वाहनों के लिए डायवर्जन

बरेली रोड से आने वाले पर्यटक वाहन तीनपानी फ्लाईओवर से गोलापार रोड होते हुए नारीमन तिराहा और काठगोदाम मार्ग से भेजे जाएंगे।

रुद्रपुर और पंतनगर से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन पंतनगर तिराहा, लालकुआं, तीनपानी फ्लाईओवर, गोलापार रोड और नारीमन तिराहा मार्ग से संचालित किए जाएंगे।

रामनगर और बाजपुर से आने वाले वाहनों को कालाढूंगी-नैनीताल तिराहे से डायवर्ट कर मंगोली मार्ग से भेजा जाएगा।

▪️ आवश्यक सेवाओं के भारी वाहनों पर भी रोक

एलपीजी वाहनों को छोड़कर सब्जी, दूध, ईंधन आदि आवश्यक सेवाओं से जुड़े भारी वाहनों के संचालन पर भी दोपहर 02:00 बजे से रात 10:00 बजे तक प्रतिबंध रहेगा।

▪️ वापसी मार्ग पर भी रहेगा डायवर्जन

पर्वतीय क्षेत्रों से मैदानी क्षेत्रों की ओर आने वाले पर्यटक वाहनों को नारीमन तिराहे से वाया गोलापार रोड भेजा जाएगा।

इसके अलावा शाम 04:00 बजे से रात 09:00 बजे तक भवाली मस्जिद तिराहा एवं नैनीताल से आने वाले वाहनों को नंबर-01 बैंड और रूसी बाईपास से डायवर्ट कर मंगोली-कालाढूंगी मार्ग से भेजा जाएगा।

पुलिस प्रशासन ने सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें